MP Election 2023: बीजेपी नेता ने आदिवासी को पीटा, कांग्रेस ने वीडियो शेयर करते हुए कहा- सीधी कांड के बाद...

Published by : Amitabh Kumar Updated At : 21 Sep 2023 9:16 AM

विज्ञापन

MP Election 2023: कुछ दिन पहले सीधी में एक घटना देखने को मिली थी जिसपर जमकर राजनीति हुई. आदिवासी मामले को लेकर विवाद से बीजेपी की मुश्किलें बढ़ सकती है. अब मामला सूबे के अनूपपुर जिले से आ रही है. जानें पूरी बात यहां

विज्ञापन

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का पीछा आदिवासी विवाद नहीं छोड़ रहा है. अब ताजा खबर सूबे के अनूपपुर जिले से आ रही है. जानकारी के अनुसार यहां एक सड़क दुर्घटना के बाद भाजयुमो के नेता द्वारा एक आदिवासी व्यक्ति को कथित तौर पर चप्पलों से पीटा गया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है. प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर आदिवासियों पर अत्याचार रोकने में असफल रहने का आरोप लगाया.

कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आरोप लगाया कि बीजेपी ‘‘आदिवासी अत्याचारों’’ की पार्टी बन रही है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को इस्तीफा दे देना चाहिए. आपको बता दें कि भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), बीजेपी की युवा शाखा है. मामले पर बीजेपी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. पार्टी ने कहा कि यह एक ‘‘दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण’’ घटना है, लेकिन आरोप लगाया कि हमले में शामिल दो आरोपियों में से एक कांग्रेस का पदाधिकारी है.

Also Read: MP पेशाब कांड : भाजपा के सीधी जिला महामंत्री ने पार्टी से दिया इस्तीफा, राज्यपाल से मिलेंगे कांग्रेसी नेता

इस बीच, पुलिस ने आरोपी भाजयुमो नेता के खिलाफ अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है, जिसे बीजेपी ने भी निष्कासित करने का काम किया है. मामले पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी सुमित केरकेट्टा ने कहा कि हिरवा सिंह गोंड (57) और भोमा सिंह (60) सोमवार को मोटरसाइकिल पर राजेंद्र नगर से अनूपपुर की ओर जा रहे थे, तभी उनका दोपहिया वाहन एक पिकअप वाहन से टकरा गया जिसके बाद पूरा विवाद खड़ा हुआ.

भोमा सिंह की मौत

अधिकारी ने बताया कि भोमा सिंह की मौत हो गई जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और दो लोगों ने मोटरसाइकिल चला रहे गोंड की पिटाई कर दी. आदिवासी व्यक्ति के साथ चप्पल से मारपीट का एक वीडियो सामने आया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों की पहचान जितेंद्र कुशवाह और गणेश दीक्षित के रूप में हुई है, उन पर भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच शुरू कर दी गई है और आगे कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं.

बीजेपी नेता एक आदिवासी व्यक्ति को चप्पलों से पीट रहे हैं : कमलनाथ

इस बीच भाजपा के जिला अध्यक्ष रामदास पुरी ने कहा कि भाजयुमो मंडल अध्यक्ष (ग्रामीण) दीक्षित को संगठन से निष्कासित कर दिया गया है. बीजेपी समाज सेवा में विश्वास करती है और पार्टी में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है. वहीं कांग्रेस नेता कमलनाथ ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर मारपीट का वीडियो शेयर किया और दावा किया कि बीजेपी नेता एक आदिवासी व्यक्ति को चप्पलों से पीट रहे हैं. बीजेपी मध्य प्रदेश में आदिवासी अत्याचारों की पार्टी बनती जा रही है. आप क्या चाहते हैं? कमलनाथ ने कहा कि जब आप आदिवासियों पर अत्याचार नहीं रोक सकते तो कम से कम मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दें…

Also Read: मध्य प्रदेश: ‘सीधी पेशाब कांड’ का आरोपी प्रवेश शुक्ला के घर पर चलेगा बुलडोजर, NSA के तहत मामला दर्ज

आपको बता दें कि कुछ दिन पहले सीधी में एक घटना देखने को मिली थी जिसपर जमकर राजनीति हुई. कांग्रेस नेता कमलनाथ ने सीधी पेशाब कांड जैसे मामलों का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश आदिवासी अत्याचार में ‘नंबर वन’ बन गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं को आदिवासियों पर अत्याचार करने का ‘लाइसेंस’ दे दिया गया है.

रणदीप सिंह सुरजेवाला ने क्या कहा

इधर, एआईसीसी के मध्य प्रदेश प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में चूर बीजेपी के नेताओं ने आदिवासी समाज के खिलाफ अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी हैं. भोपाल में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि चौहान को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए. सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में देश की सबसे बड़ी आदिवासी आबादी है, लेकिन बीजेपी शासन में आदिवासी 18 साल से अमानवीय अत्याचार झेल रहे हैं.

दिग्विजय सिंह ने क्या कहा

मामले को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने एक्स पर लिखा कि क्या कारण है विंध्य क्षेत्र में आदिवासियों पर इतने अत्याचार केवल भाजपा के लोगों द्वारा ही क्यों किए जा रहे हैं? यह सब सत्ता का नशा और जुर्म करने पर भी पुलिस द्वारा उन पर कार्रवाई नहीं करना ही है. भाजपा को अब सबक सिखाने का अवसर आ गया है. वहीं घटना को लेकर प्रदेश बीजेपी प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने दावा किया कि मारपीट मामले के दो आरोपियों में से एक जितेंद्र कुशवाह कांग्रेस का पदाधिकारी है. उन्होंने कहा कि यह एक दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, लेकिन राजनीति करने से पहले कांग्रेस को इसका जवाब देना चाहिए.

भाषा इनपुट के साथ

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola