अंकिता भंडारी के माता-पिता को पुलिस ने सुबह 5 बजे छोड़ा, दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम
राहुल गांधी और अंकिता भंडारी के माता-पिता (Photo/PTI)
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट पर विरोध प्रदर्शन कर रहे उनके माता-पिता को पुलिस ने गुरुवार सुबह करीब 5 बजे रिहा कर दिया. इससे पहले पुलिस ने उन्हें और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इंडिया गेट पहुंचकर अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की और उनके प्रति एकजुटता जताई.
अंकिता की मां ने कहा कि जब तक सिक्किम के राज्यपाल के रूप में दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें धरने पर बैठने की अनुमति नहीं मिलती है, तो वे अपने घरों में भूख हड़ताल करेंगी.
वहीं, अंकिता के पिता ने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर देशभर के लोग सड़कों पर उतरेंगे और इसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी.
वीडियो में देखें अंकिता के माता-पिता ने क्या कहा-
ये भी पढ़ें: सौरव दास और आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत, तिहाड़ जेल में रखा गया, अजिंक्य शिंदे बोले- हम डरने वाले नहीं
क्या है पूरा मामला?
- अंकिता भंडारी हत्याकांड: सितंबर 2022 में उत्तराखंड के वनंत्रा रिजॉर्ट में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई.
- कथित VIP का विवाद: हत्याकांड के बाद से ही एक कथित VIP की भूमिका को लेकर सवाल उठते रहे. क्योंकि अंकिता भंडारी की हत्या के पीछे मुख्य वजह रिजॉर्ट में ठहरे एक कथित VIP को ‘स्पेशल सर्विस’ देने के दबाव का विरोध करना बताई गई थी
- 2025 में फिर तेज हुई चर्चा: दिसंबर 2025 में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर से जुड़ी कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पोस्ट के बाद यह मुद्दा फिर चर्चा में आया.
- दुष्यंत गौतम का नाम: इन दावों और आरोपों में भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम का नाम जोड़ा गया. गौतम ने आरोपों को गलत बताया और कानूनी कार्रवाई की. दिल्ली हाई कोर्ट ने भी उनसे संबंधित कुछ सामग्री के प्रसार पर अंतरिम रोक लगाई थी.
- CBI जांच की मांग: कथित VIP की पहचान और भूमिका की जांच के लिए सीबीआई जांच की सिफारिश की गई.
- विरोध की वजह: अक्टूबर 2026 में दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद अंकिता के माता-पिता ने उनकी नियुक्ति रद्द करने की मांग की. उनका कहना है कि कथित VIP मामले की जांच पूरी होने तक नियुक्ति आगे नहीं बढ़नी चाहिए. इसी मुद्दे पर उन्होंने दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए