श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में शीत लहर के लौटने के साथ ही रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गयी, जहां कश्मीर घाटी के ज्यादातर हिस्सों का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु के नीचे चला गया.
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर का न्यूनतम तापमान पिछली रात के 1.4 डिग्री सेल्सियस की तुलना में कल रात शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.
लद्दाख क्षेत्र में लेह राज्य का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है, जहां रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 8.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के मुकाबले तीन डिग्री सेल्सियस कम था.अधिकारी ने बताया कि प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. इससे पिछली रात यह 0.4 डिग्री सेल्सियस था.
उन्होंने बताया कि पहलगाम का न्यूनतम तापमान पिछली रात के 0.1 डिग्री सेल्सियस से घटकर शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.वहीं काजीकुंड शहर के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी और यह पिछली रात के 0.7 डिग्री सेल्सियस से घटकर शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा.इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कोकारनाग शहर का न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस और कारगिल में शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने कहा कि मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और अगले 24 घंटे यह शुष्क ही बना रहेगा.