पिता के निधन की सूचना के बावजूद Covid-19 को लेकर बैठक करते रहे योगी आदित्यनाथ
Author : Samir Kumar Published by : Prabhat Khabar Updated At : 20 Apr 2020 5:58 PM
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का सोमवार सुबह निधन हो गया. दिल्ली के एम्स में उन्होंने 10.44 बजे आखिरी सांस ली. वे पिछले कुछ दिनों से एम्स के गेस्ट्रो विभाग में इलाज करा रहे थे.
लखनऊ : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का सोमवार सुबह निधन हो गया. दिल्ली के एम्स में उन्होंने 10.44 बजे आखिरी सांस ली. वे पिछले कुछ दिनों से एम्स के गेस्ट्रो विभाग में इलाज करा रहे थे. उनकी हालत गंभीर थी और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था. वहीं, पिता के निधन की खबर मिलने के बावजूद योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पद का दायित्व पूरा किया और कोरोना पर जारी मीटिंग छोड़कर नहीं गये.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ को पिता की मौत की खबर जब मिली तब वे कोविड-19 पर राज्यस्तरीय टीम-11 के साथ अहम बैठक कर रहे थे. हालांकि, इस दुखद खबर के बाद भी सीएम योगी बैठक करते रहे और मीटिंग समाप्त होने के बाद ही उठे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिता के निधन की खबर सुनकर योगी आदित्यनाथ कुछ क्षण के लिए शांत हो गये, लेकिन फिर उन्होंने बैठक में मौजूद अधिकारियों से सवाल-जवाब करना शुरू कर दिया.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन जनपदों में लॉकडाउन व्यवस्था को पूरी तरह जारी रखने के निर्देश दिए हैं जहां कोरोना संक्रमण के 10 या उससे अधिक मामले हैं. उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए बंद के नियमों तथा सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन आवश्यक है. मुख्यमंत्री सोमवार को उच्चस्तरीय बैठक में बंद व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे.
योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिये कि कोटा, राजस्थान से प्रदेश लौटे सभी बच्चों को घरों में पृथक रखा जाये. यह सुनिश्चित किया जाये कि इन बच्चों द्वारा ‘आरोग्य सेतु’ ऐप डाउनलोड करने के बाद ही उन्हें घर भेजा जाये. उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में सुरक्षा चक्र न टूटने पाये इसके लिए पूरी सतर्कता बरतना आवश्यक है.
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पुलिस बल तथा पूरी मेडिकल टीम को हर हाल में संक्रमण से सुरक्षित रखा जाए. यह सुनिश्चित किया जाए कि पुलिसकर्मी सुरक्षा उपकरण लगाकर ही ड्यूटी पर जाएं. मास्क, दस्ताने तथा शील्ड का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें. कोविड-19 के रोगियों का इलाज कर रहे डॉक्टरों तथा अन्य चिकित्सा कर्मियों को प्रत्येक दशा में संक्रमण से बचाये रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाये जाएं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन राजकीय मेडिकल कॉलेजों में कोविड-19 के नमूनों की जांच सुविधा उपलब्ध नहीं है वहां जांच प्रयोगशाला स्थापित की जाये. राजकीय मेडिकल कॉलेज विहीन मंडल मुख्यालय के जिला चिकित्सालय में जांच लैब स्थापित की जाये. चिकित्सा कर्मियों के कोविड-19 नियंत्रण प्रशिक्षण एवं अस्पतालों में संक्रमण से सुरक्षा के सभी उपाय करते हुए आपात सेवाओं का संचालन प्रारंभ किया जाये.
Also Read: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता का निधन, लाॅकडाउन के कारण पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होंगे CM योगी
सीएम योगी ने कहा कि मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से आम जनता को भी उपचार की प्राथमिक विधि के बारे में प्रशिक्षित करने के लिए एक कार्य योजना तैयार की जाये. योगी ने कहा कि घर-घर डिलीवरी में लगे लोगों की भी जांच की जाये. यह भी सुनिश्चित किया जाये कि यह लोग मास्क आदि लगाकर सामग्री की आपूर्ति करें. बाहर से आने वालों को हर हाल में पृथक किया जाये. अधिक से अधिक लोगों को ट्रैक करते हुए जांच की जाये. कोरोना संदिग्ध लोगों की अनिवार्य रूप से जांच करायी जाये. कई नमूनों की एक साथ जांच (पूल टेस्टिंग) को प्रोत्साहित किया जाये.
Also Read: UP News Update : मथुरा में कोरोना का एक और मरीज, संक्रमितों की संख्या 6 हुई
मुख्यमंत्री ने कहा कि भले ही उद्योगों को संचालित किये जाने की सशर्त अनुमति दी गयी है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाए कि अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने पाये. सामाजिक दूरी के मानकों का अनुपालन हर हाल में हो. कार्य योजना बनाकर एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाये. उन्होंने प्रमुख सचिव (ग्राम्य विकास) को निर्देशित किया कि बुंदेलखंड क्षेत्र में पेयजल की समस्या न हो. उन्होंने कहा कि सभी नोडल अधिकारी फोन पर उपलब्ध रहकर लोगों की समस्याओं को सुनें तथा उनका समाधान कराएं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Samir Kumar
More than 15 years of professional experience in the field of media industry after M.A. in Journalism From MCRPV Noida in 2005
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










