सर्दियों में बनने वाली हैं दुल्हन? तो शादी से पहले ही शुरू कर दें स्किन की देखभाल, अपनाएं ये 5 सिंपल स्किनकेयर रूटीन
दुल्हन बनने से पहले स्किन का कैसे रखें ख्याल AI image
Winter Bridal Skincare: सर्दियों में शादी होने वाली है, तो ब्राइडल लुक के साथ अपनी स्किन का ख्याल रखना भी जरूरी है. ठंड के मौसम में आपका चेहरा ड्राइनेस और बेजान न दिखे, इसके लिए शादी से कुछ हफ्ते पहले ही स्किनकेयर शुरू कर दें. यहां जानें 5 आसान रूटीन, जो आपकी शादी की तैयारियों में काम आएंगे.
Winter Bridal Skincare: सर्दियों का मौसम आते ही कई घरों में शादी की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. कोई शादी के लिए कपड़े और गहने खरीदने में लग जाता है, तो कोई पार्लर जाकर फेशियल और मेकअप की बुकिंग करवाने की सोचता है. वहीं, जिन लड़कियों की शादी होने वाली होती है, उनके लिए अपनी स्किन का ख्याल रखना भी काफी जरूरी हो जाता है. आखिर हर लड़की यही चाहती है कि शादी के दिन उसका चेहरा साफ और खिला-खिला दिखे, ताकि ब्राइडल लुक में वह और भी अच्छी लगे. लेकिन जरा सोचकर देखिए कि अगर शादी से कुछ दिन पहले ही चेहरे पर ड्राइनेस दिखने लगे या स्किन बेजान नजर आने लगे, तो ऐसे में कितनी परेशानी हो सकती है. दरअसल, सर्दियों में ठंडी हवा और कम मॉइस्चर की वजह से स्किन जल्दी ड्राई होने लगती है. कई बार चेहरा धोने के बाद खिंचाव महसूस होता है, तो कभी होंठ और गाल भी फटने लगते हैं. ऐसे में सिर्फ शादी से दो-चार दिन पहले फेशियल या महंगा ब्यूटी ट्रीटमेंट करवाने से मनचाहा निखार मिलना मुश्किल है. इसलिए बेहतर होगा कि आप शादी से कुछ हफ्ते पहले ही अपनी स्किन की देखभाल शुरू कर दें.
अगर आपकी भी शादी इस सर्दी में होने वाली है और आप चाहती हैं कि शादी के दिन आपका चेहरा हेल्दी और सॉफ्ट दिखे, तो यह आर्टिकल आपके काम आने वाला है. आज हम आपको स्किनकेयर की ऐसी 5 रूटीन बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप ठंड के मौसम में भी अपनी त्वचा का अच्छे से ख्याल रख सकती हैं. तो चलिए, इनके बारे में जानते हैं.
चेहरे की सफाई के लिए माइल्ड फेसवॉश चुनें
सर्दियों में चेहरा धोने के लिए आप कौन सा फेसवॉश इस्तेमाल करती हैं, इस बात का भी ख्याल रखना जरूरी है. आपको शायद यह मालूम न हो लेकिन ठंड के इस मौसम में स्किन पहले से ही ड्राई होने लगती है. ऐसे में अगर आप ऐसा फेसवॉश इस्तेमाल करती हैं, जिससे बहुत ज्यादा झाग बनता है या जो स्किन को ड्राई कर देता है, तो इससे चेहरे का नेचुरल ऑयल भी कम हो सकता है. इसके बाद चेहरा धोते ही खिंचाव महसूस होने लगता है और कुछ देर बाद स्किन और ज्यादा ड्राई नजर आने लगती है. इसलिए अगर आपकी शादी सर्दियों के इस मौसम में होने वाली है, तो अभी से अपने फेसवॉश पर ध्यान देना शुरू कर दें.
आप अपनी स्किन टाइप के हिसाब से कोई माइल्ड फेसवॉश चुन सकती हैं. इससे चेहरे की गंदगी भी साफ हो जाएगी और स्किन जरूरत से ज्यादा ड्राई भी नहीं होगी. सुबह उठने के बाद और रात को सोने से पहले चेहरा साफ करना काफी है. अगर आप दिन में मेकअप करती हैं, तो रात को सोने से पहले उसे अच्छी तरह हटाना न भूलें.
चेहरा धोने के बाद मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं
अगर आपकी शादी सर्दियों में होने वाली है, तो मॉइस्चराइजर को अपने स्किनकेयर रूटीन में जरूर शामिल करें. बता दें, ठंड में स्किन की हाइड्रेशन जल्दी कम होने लगती है. ऐसे में सिर्फ चेहरा धो लेना काफी नहीं है, बल्कि इसके बाद मॉइस्चराइजर लगाना भी जरूरी है. कई बार लड़कियां सुबह जल्दी में चेहरा धोने के बाद डायरेक्टली दूसरे कामों में लग जाती हैं और क्रीम लगाना भूल जाती हैं. लेकिन ऐसा करने से चेहरे का ड्राइनेस और बढ़ सकता है. इसलिए चेहरा धोने के तुरंत बाद मॉइस्चराइजर लगाएं.
अगर आपकी स्किन बहुत ज्यादा ड्राई रहती है, तो ग्लिसरीन, सेरामाइड्स या हायलूरोनिक एसिड वाले मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल कर सकती हैं. वहीं, ऑयली स्किन वाली लड़कियां लाइट मॉइस्चराइजर चुन सकती हैं. एक बात का ख्याल रखें कि हमेशा अपनी स्किन टाइप के हिसाब से ही मॉइस्चराइजर खरीदें, ताकि चेहरा चिपचिपा न लगे और स्किन को जरूरी हाइड्रेशन भी मिलती रहे.
ये भी पढ़ें: सर्दियों में नहाते समय कहीं आप भी तो नहीं करते ये 6 गलतियां, स्किन को हो सकता है नुकसान
सर्दियों में भी सनस्क्रीन लगाना न भूलें
कई लड़कियों को लगता है कि सनस्क्रीन लगाने की जरूरत सिर्फ गर्मियों में होती है, क्योंकि उस समय धूप काफी तेज रहती है. लेकिन ऐसा नहीं है. अगर आपकी शादी सर्दियों में होने वाली है, तो इस बात का खास ख्याल रखें. दरअसल, ठंड के मौसम में भी सूरज की यूवी किरणें स्किन को डैमेज कर सकती हैं. शादी की तैयारियों में कभी आपको शॉपिंग के लिए बाजार जाना पड़ता है, तो कभी पार्लर या दूसरी जगहों पर जाना होता है. ऐसे में घर से बाहर निकलने से पहले चेहरे पर सनस्क्रीन लगाना न भूलें. इसके लिए SPF 30 या उससे ज्यादा वाला ब्रॉड स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन चुन सकती हैं.
अगर आप काफी देर तक बाहर रहती हैं, तो हर दो घंटे में इसे दोबारा लगाना भी जरूरी है. इसके अलावा, अगर आप घर के अंदर रहती हैं, तब भी दिन के समय सनस्क्रीन लगा सकती हैं. इससे धूप की वजह से स्किन को होने वाले नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी.
होंठों और हाथों का भी रखें ख्याल
सर्दियों में सिर्फ चेहरे की स्किन ही ड्राई नहीं होती, बल्कि होंठ और हाथ भी जल्दी ड्राई होने लगते हैं. खासकर जिन लड़कियों की शादी होने वाली होती है, उनके लिए इनका ख्याल रखना भी जरूरी है. दरअसल, शादी के दिन मेहंदी लगवाते समय और चूड़ा पहनने के दौरान हाथों पर सबकी नजर जाती है. वहीं, अगर होंठ सूखे और फटे हुए हों, तो लिपस्टिक लगाने के बाद भी वे अच्छे नहीं दिखते. इसलिए चेहरे के साथ-साथ हाथों और होंठों की देखभाल भी शुरू कर दें.
इसके लिए अपने पास एक अच्छा लिप बाम जरूर रखें और दिन में कई बार इसे लगाएं. बाहर निकलते समय SPF वाला लिप बाम इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा. इसके अलावा, हाथ धोने के बाद हैंड क्रीम लगाएं, ताकि हाथों की स्किन सॉफ्ट बनी रहे. रात को सोने से पहले हाथों और पैरों पर भी अच्छी तरह मॉइस्चराइजर लगा सकती हैं. इससे ठंड के मौसम में हाथ-पैरों का ड्राइनेस कम करने में मदद मिलेगी.
हफ्ते में एक बार करें लाइट एक्सफोलिएशन
कई बार लड़कियां चेहरा साफ करने और मॉइस्चराइजर लगाने का तो पूरा ख्याल रखती हैं, लेकिन स्किन पर जमा डेड स्किन सेल्स को हटाना भूल जाती हैं. इसकी वजह से चेहरा थोड़ा बेजान और खुरदरा दिखने लगता है. ऐसे में लाइट एक्सफोलिएशन करना भी आपके स्किनकेयर रूटीन का हिस्सा हो सकता है. हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप रोजाना चेहरे पर स्क्रब करने लगें. सर्दियों में ज्यादा स्क्रब करने से स्किन और ड्राई हो सकती है. इसलिए अपनी स्किन टाइप के हिसाब से हफ्ते में एक बार लाइट एक्सफोलिएशन कर सकती हैं. इससे चेहरे पर जमा डेड स्किन सेल्स हटाने में मदद मिलेगी.
अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या चेहरे पर पहले से मुंहासे और जलन की परेशानी रहती है, तो बिना सलाह के स्क्रब इस्तेमाल न करें. इसके अलावा, शादी से कुछ दिन पहले कोई नया स्किनकेयर प्रोडक्ट या ब्यूटी ट्रीटमेंट ट्राई करने से भी बचें. कई बार नया प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से स्किन पर जलन या एलर्जी हो सकती है. इसलिए बेहतर होगा कि शादी से पहले ही अपनी स्किन के हिसाब से प्रोडक्ट चुन लें.
ये भी पढ़ें: सर्दियों की धूप सेंकते समय भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां, स्किन और आंखों को हो सकता है नुकसान
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए