गमले में ऐसे उगाएं हरा धनिया, कुछ ही दिनों में दिखने लगेंगी हरी पत्तियां
धनिया का पौधा (PC: AI)
How to Grow Coriander at Home: धनिया मुरझा जाता है? बालकनी या गमले में आसानी से उगाएं हरा धनिया. जानें सही बीज, मिट्टी और देखभाल का तरीका.
How to Grow Coriander at Home: खाने की थाली में हरी धनिया की पत्तियां पड़ जाएं, तो साधारण-सी दाल और सब्जी का स्वाद भी बढ़ जाता है. चटनी बनानी हो, पोहा सजाना हो या फिर गर्मागर्म दाल में तड़का लगाना हो, हरे धनिये के बिना कई चीजें अधूरी लगती हैं. लेकिन कई बार बाजार से धनिया लाने पर वह एक-दो दिन में ही मुरझाने लगता है.
ऐसे में क्यों न इसे घर पर ही उगाया जाए? बालकनी, छत या खिड़की के पास रखे गमले में भी हरा धनिया उगाया जा सकता है. बस बीज लगाने से लेकर पानी देने तक कुछ छोटी बातों का ध्यान रखना होगा.
सही बीज का करें चुनाव (How to Grow Coriander at Home)
घर पर धनिया उगाने के लिए सबसे पहले अच्छे बीज चुनें. इसके लिए साबुत धनिया का इस्तेमाल किया जा सकता है. ध्यान रखें कि बीज ताजा हों और उनमें किसी तरह की नमी या फफूंद न लगी हो. धनिया के साबुत बीज को हल्के हाथों से दो हिस्सों में तोड़ लें. इससे बीज के अंदर मौजूद हिस्से मिट्टी के संपर्क में आसानी से आ सकेंगे.
गमले के लिए तैयार करें मिट्टी
धनिया उगाने के लिए ऐसा गमला लें, जिसमें पानी निकलने के लिए नीचे छेद हो. गमले में भुरभुरी और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी भरें.
आप सामान्य बगीचे की मिट्टी में थोड़ी पुरानी जैविक खाद या वर्मीकम्पोस्ट मिला सकती हैं. इससे पौधे को बढ़ने के लिए जरूरी पोषक तत्व मिलेंगे.
इस तरह लगाएं धनिया के बीज
अब मिट्टी को हल्का नम करें और धनिया के बीजों को गमले में फैला दें. इनके ऊपर लगभग आधा सेंटीमीटर मिट्टी की पतली परत डालें. ध्यान रखें कि बीज बहुत गहराई में न दबें. इसके बाद स्प्रे बोतल से हल्का पानी छिड़क दें, ताकि बीज अपनी जगह से हटें नहीं.
धूप और पानी का रखें ध्यान
धनिया के पौधे को अच्छी रोशनी की जरूरत होती है. गमले को ऐसी जगह रखें, जहां हल्की धूप (How to Grow Coriander at Home) आती हो. शुरुआत में मिट्टी को नम बनाए रखें, लेकिन उसमें पानी जमा न होने दें. ज्यादा पानी देने से बीज सड़ सकते हैं. मौसम और मिट्टी की नमी देखकर ही पानी दें.
कब तैयार हो जाएगा हरा धनिया?
आमतौर पर सही परिस्थितियों में धनिया के बीज 7 से 14 दिनों में अंकुरित होने लगते हैं. इसके बाद पौधों को बढ़ने में कुछ और समय लगता है. जब पत्तियां अच्छी तरह विकसित हो जाएं और पौधे लगभग 10-15 सेंटीमीटर के हो जाएं, तो आप ऊपर की पत्तियों को कैंची से काटकर इस्तेमाल कर सकती हैं.
यह भी पढ़ें: लहसुन की 1 कली से उगाएं पूरा पौधा, जानें गमले में लगाने का तरीका
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए