कढ़ाई में चढ़ते ही उड़ जाता है हरी सब्जियों का रंग? अपनाएं ये 5 आसान कुकिंग ट्रिक्स, सब्जी दिखेगी एकदम फ्रेश और हरी-भरी
पकाते समय हरी सब्जियों का रंग बरकरार कैसे रखें? AI image
Cooking Tips: हरी सब्जी बनाते समय स्वाद तो एकदम परफेक्ट हो जाता है, लेकिन उसका हरा-भरा रंग गायब हो जाता है? अगर पालक, मटर या शिमला मिर्च पकाते ही मटमैली नजर आने लगे, तो इसकी वजह आपकी कुकिंग का तरीका हो सकता है. कुछ आसान ट्रिक्स की मदद से आप इस परेशानी से आसानी से छुटकारा पा सकते हैं.
Cooking Tips: अक्सर ऐसा होता है कि जब हम घर पर खाना बना रहे होते हैं, तो उस समय हमारा पूरा ध्यान और पूरी मेहनत उसके स्वाद को बेहतर बनाने में ही लगी रहती है. हम इस बात पर ध्यान ही नहीं दे पाते हैं कि जिस भी सब्जी या खाने की चीज को हम इतनी मेहनत से बना रहे हैं, वह तैयार होने के बाद दिखने में कैसी लगेगी. अगर खाने की चीजें आंखों को न लुभाएं, तो कोई भी उन्हें पूरे मन से खाना नहीं चाहता. खासकर जब बात छोटे बच्चों की आती है, तो वे ही सबसे ज्यादा नखरा करते हैं. इस परेशानी से हमें सबसे ज्यादा तब जूझना पड़ता है, जब हम हरी सब्जियां पकाते हैं. चाहे पालक की प्यूरी हो, मटर का मखमली पनीर या फिर शिमला मिर्च की ड्राई सब्जी, इनकी असली पहचान ही इनका फ्रेश और गहरा हरा रंग होता है.
अमूमन ऐसा होता है कि जब हम हरी सब्जियों को पकाने के लिए कढ़ाई में डालते हैं, तो वे मिनटों में ही अपनी असली रंगत खो देती हैं और काली या फिर मटमैली होने लगती हैं. उस समय हमें यह समझ ही नहीं आता है कि गलती आखिर हुई कहां पर है. अगर आपके साथ भी ऐसा ही होता है, तो अब टेंशन लेना छोड़ दें. आज हम आपको बहुत ही आसान शब्दों में बताने वाले हैं कि किस तरह से इन हरी सब्जियों के नेचुरल रंग को पकाते समय भी बरकरार रखा जा सकता है. चलिए जानते हैं विस्तार से.

ब्लांचिंग का तरीका अपनाएं
हरी सब्जियों को डायरेक्टली पकाने से बेहतर है कि आप उन्हें पहले अच्छे से ब्लांच कर लें. इसके लिए सबसे पहले पानी में थोड़ा सा नमक डालकर उबाल लें और फिर उसमें हरी सब्जियों को डालें. इन सब्जियों को लगभग 1 से 2 मिनट बाद निकालकर तुरंत ही बर्फ वाले ठंडे पानी में डाल दें. जब टेम्परेचर अचानक से कम होता है, तो सब्जी के पकने की प्रक्रिया ठहर जाती है और उसमें मौजूद क्लोरोफिल भी लॉक हो जाता है. ऐसा होने की वजह से सब्जी का रंग एकदम निखर कर सामने आता है.
ये भी पढ़ें: स्वाद ऐसा कि पेट भर जाएगा, लेकिन मन नहीं, घर पर रेस्टोरेंट जैसी मखमली दाल बनाने की 5 सुपर सीक्रेट ट्रिक्स
बर्तन को ढककर न पकाएं
जब भी आप पालक का साग, मेथी या फिर कोई भी इस तरह की हरी सब्जी पकाने जा रहे हों, तो शुरुआती 4 से 5 मिनट तक कढ़ाई पर ढक्कन लगाने की गलती भूलकर भी न करें. अगर आप बर्तन को ढकते नहीं हैं, तो इन सब्जियों से निकलने वाला एसिड भाप बनकर हवा में उड़ जाता है, जिससे सब्जी का रंग काला और मटमैला नहीं पड़ता.
चुटकी भर चीनी या बेकिंग सोडा का इस्तेमाल
जब भी आप हरी सब्जियों को उबाल रहे हों या फिर उन्हें भून रहे हों, तो उनमें एक चुटकी चीनी मिलाना काफी फायदेमंद साबित हो सकता है. यह चीनी ही सब्जियों के नेचुरल रंग को निखारने का काम करती है. इसके अलावा, अगर आप चाहें तो बिल्कुल नाममात्र का बेकिंग सोडा भी इस्तेमाल कर सकते हैं. यह बेकिंग सोडा पानी के एसिडिक रिएक्शन को खत्म कर देता है, जिससे सब्जी का हरा रंग बरकरार रहता है. बस आपको इस बात का ख्याल रखना है कि बेकिंग सोडा का इस्तेमाल बहुत ही कम मात्रा में किया जाए, ताकि सब्जी का स्वाद न बिगड़े.
ये भी पढ़ें: रात की भूख भी मिटेगी और वजन भी नहीं बढ़ेगा, डिनर में शामिल करें ये 5 सुपर लो कैलोरी फूड्स
तेज आंच पर कम समय के लिए पकाएं
अगर आप हरी सब्जियों को परफेक्टली पकाना चाहते हैं, तो आपको कभी भी उन्हें धीमी आंच पर काफी देर तक सीझने नहीं देना चाहिए. इन्हें हमेशा मीडियम से तेज आंच पर कम से कम समय के लिए पकाएं. जब आप ऐसा करते हैं, तो सब्जियां क्रंची भी रहती हैं, उनका न्यूट्रिशन भी सुरक्षित रहता है और साथ ही उनका रंग भी बरकरार रहता है.
खट्टी चीजें लास्ट में मिलाएं
अगर आप कोई भी हरी सब्जी पका रहे हैं, तो उसमें खट्टी चीजों को बिल्कुल लास्ट में ही मिलाएं. नींबू के रस, अमचूर या फिर टमाटर जैसी खट्टी चीजों में एसिड पाया जाता है. अगर आप इन चीजों को शुरुआत में ही डाल देंगे, तो सब्जियों का रंग तुरंत काला पड़ने लग जाएगा. यही वजह है कि आपको इन खट्टी चीजों को सब्जी के पूरी तरह से पक जाने और गैस बंद करने के बाद ही ऊपर से मिलाना चाहिए.
ये भी पढ़ें: घर में रखे उबले आलू से मिनटों में बनाएं ये 5 चटपटे स्नैक्स, स्वाद ऐसा कि हर कोई हो जाएगा आपका फैन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए