भाई दूज पर भाई के घर आने से पहले मुख्य दरवाजे पर कर लें ये 5 काम, वास्तु के हिसाब से बेहद शुभ माने जाते हैं ये उपाय
भाई दूज पर मुख्य दरवाजे को सजाने के शुभ उपाय Ai image
Bhai Dooj Vastu Tips: भाई दूज पर अगर आपका भाई घर आने वाला है, तो उसके स्वागत की तैयारियों में मुख्य दरवाजे को नजरअंदाज न करें. घर का मेन गेट सुंदर दिखने के साथ-साथ वास्तु के हिसाब से शुभ भी हो, इसके लिए आप कुछ छोटी-छोटी तैयारियां कर सकती हैं. इससे भाई के स्वागत का अंदाज भी स्पेशल हो जाएगा.
Bhai Dooj Vastu Tips: भाई दूज का त्योहार हो और भाई घर आने वाला हो, तो बहनें उसके स्वागत में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती हैं. कोई घर की सफाई करने में लगी रहती है, तो कोई भाई की पसंद के पकवान बनाने और पूजा की थाली सजाने की तैयारी करती है. कई बार तो घर के अंदर की सारी तैयारियां हो जाती हैं, लेकिन मुख्य दरवाजे पर उतना ध्यान नहीं जाता है. जबकि यही वह जगह होती है जहां से आपका भाई सबसे पहले घर के अंदर कदम रखता है. ऐसे में अगर आप भी इस भाई दूज पर अपने भाई का स्वागत कुछ खास अंदाज में करना चाहती हैं, तो घर के मेन गेट से जुड़ी वास्तु की कुछ बातों का ख्याल जरूर रखें.
वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर का मुख्य दरवाजा सिर्फ आने-जाने का रास्ता नहीं होता है, बल्कि इसी जगह से आपके घर में पॉजिटिव और निगेटिव एनर्जी का प्रवेश होता है. अगर मेन गेट के आसपास गंदगी रहती है, वहां अंधेरा रहता है या फिर जूते-चप्पलों और फालतू सामान का ढेर लगा रहता है, तो इससे घर का माहौल खराब हो सकता है. इसलिए भाई दूज के मौके पर मुख्य दरवाजे को साफ रखने के साथ-साथ कुछ ऐसी चीजें भी करनी चाहिए, जिन्हें वास्तु के हिसाब से शुभ माना जाता है. आज इस आर्टिकल में हम आपको ऐसे ही 5 वास्तु उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप अपने भाई का स्वागत भी अच्छे से कर सकती हैं और घर के मेन गेट को भी सुंदर बना सकती हैं.

घर के मेन गेट पर बनाएं सुंदर रंगोली
वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर के मुख्य दरवाजे के सामने रंगोली बनाना बहुत शुभ माना जाता है. खासकर त्योहारों के मौके पर रंगोली बनाने से घर का माहौल अच्छा और पॉजिटिव बना रहता है. अगर आप भी भाई दूज पर अपने भाई के स्वागत के लिए मेन गेट को डेकोरेट करने की सोच रही हैं, तो वहां एक सुंदर सी रंगोली जरूर बनाएं. इसके लिए आप लाल, पीले, हरे और सफेद रंगों का इस्तेमाल कर सकती हैं. अगर आपको बड़ी और डिजाइन वाली रंगोली बनाना नहीं आता है, तो फूलों की मदद से भी छोटी सी रंगोली तैयार कर सकती हैं. आप चाहें तो इसके बीच में एक छोटा सा दीपक भी जला सकती हैं. वास्तु मान्यताओं के अनुसार, रंगोली घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक होती है. इसलिए भाई के आने से पहले मुख्य दरवाजे के सामने रंगोली जरूर बनाएं. बस इस बात का ध्यान रखें कि रंगोली ऐसी जगह बनाएं जहां से लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो.
मेन गेट पर आम या अशोक के पत्तों का तोरण लगाएं
अगर आप भाई दूज पर अपने घर के मुख्य दरवाजे को सुंदर दिखाने के साथ-साथ उसे वास्तु के हिसाब से शुभ भी बनाना चाहती हैं, तो वहां आम या अशोक के पत्तों का तोरण जरूर लगाएं. वास्तु शास्त्र में इन पत्तों से बने तोरण को काफी शुभ माना जाता है. ऐसा माना जाता है कि इससे घर में पॉजिटिव एनर्जी आती है और निगेटिव एनर्जी दूर रहती है. इसके लिए आप आम के फ्रेश पत्तों को एक धागे में पिरोकर सुंदर सा तोरण तैयार कर सकती हैं. अगर आपके पास आम के पत्ते नहीं हैं, तो अशोक के पत्तों का इस्तेमाल भी कर सकती हैं. इसके अलावा गेंदे के फूलों से बना तोरण भी मेन गेट पर काफी अच्छा लगता है. इस बात का खास ख्याल रखें कि तोरण में सूखे या मुरझाए हुए पत्ते नहीं होने चाहिए. अगर पत्ते सूखने लगें, तो उन्हें तुरंत बदल देना चाहिए. भाई दूज के दिन इस तरह सजा हुआ मुख्य दरवाजा देखने में भी काफी सुंदर लगेगा.
ये भी पढ़ें: क्या किचन में खाली डिब्बे रखना होता है अशुभ? जानें घर की तरक्की से जुड़ी वास्तु की ये जरूरी बातें
मुख्य दरवाजे के पास जरूर जलाएं दीपक
हिंदू धर्म में किसी भी शुभ काम की शुरुआत दीपक जलाकर करना अच्छा माना जाता है. भाई दूज के दिन भी आप अपने घर के मुख्य दरवाजे के पास दीपक जला सकती हैं. वास्तु शास्त्र की मान्यताओं के अनुसार, दरवाजे के पास दीपक जलाने से घर में पॉजिटिव एनर्जी आती है और आसपास का माहौल भी अच्छा बना रहता है. इसके लिए आप मिट्टी के छोटे दीपक का इस्तेमाल कर सकती हैं. अगर आपके घर का मुख्य दरवाजा बड़ा है, तो आप दोनों तरफ एक-एक दीपक भी जला सकती हैं. इसके अलावा दीपक में घी या तिल के तेल का इस्तेमाल करना भी अच्छा माना जाता है. बस इस बात का ध्यान रखें कि दीपक ऐसी जगह पर रखें जहां किसी का पैर न लगे और हवा की वजह से वह बार-बार बुझे नहीं. अगर आपके घर में छोटे बच्चे या पालतू जानवर हैं, तो दीपक को उनकी पहुंच से दूर रखना चाहिए. भाई के घर पहुंचने से पहले दरवाजे के पास जलता हुआ दीपक स्वागत को और भी खास बना सकता है.
मेन गेट के आसपास जूते-चप्पल और कबाड़ न रखें
अक्सर हमारी यह आदत होती है कि घर के मुख्य दरवाजे के आसपास ही जूते-चप्पल, पुराने डिब्बे और फालतू सामान रख देते हैं. शुरुआत में तो यह जगह साफ रहती है, लेकिन धीरे-धीरे यहां इतना सामान जमा हो जाता है कि मेन गेट के आसपास गंदगी और बिखराव दिखाई देने लगता है. वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर का मुख्य दरवाजा हमेशा साफ-सुथरा होना चाहिए. अगर यहां जूते-चप्पलों का ढेर लगा रहता है या फिर कबाड़ पड़ा रहता है, तो इससे घर में निगेटिव एनर्जी बढ़ सकती है. इससे बचने के लिए भाई दूज से पहले मेन गेट के आसपास अच्छी तरह सफाई कर लें. जूते-चप्पलों को किसी रैक में सही तरीके से रखें और वहां पड़े पुराने डिब्बों या बेकार सामान को हटा दें. इसके अलावा दरवाजे के ठीक सामने इतनी जगह जरूर होनी चाहिए कि घर में आने-जाने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो. इससे आपका मुख्य दरवाजा साफ-सुथरा और सुंदर दिखाई देगा.
मुख्य दरवाजे पर बनाएं स्वास्तिक का निशान
वास्तु शास्त्र और हिंदू धर्म में स्वास्तिक के निशान को बहुत शुभ माना जाता है. इसे सुख, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है. ऐसे में भाई दूज के दिन आप अपने घर के मुख्य दरवाजे पर रोली या हल्दी से स्वास्तिक का निशान बना सकती हैं. इसके अलावा दरवाजे के दोनों तरफ शुभ-लाभ भी लिख सकती हैं. वास्तु शास्त्र की मान्यताओं के अनुसार, ऐसा करने से घर में पॉजिटिव एनर्जी आती है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है. अगर आप दरवाजे पर सीधे स्वास्तिक नहीं बनाना चाहती हैं, तो बाजार में मिलने वाले लकड़ी या मेटल के डेकोरेटिव स्वास्तिक भी लगा सकती हैं. सिर्फ इस बात का ख्याल रखें कि स्वास्तिक का निशान दरवाजे पर साफ और सही तरीके से बना होना चाहिए. भाई दूज के मौके पर इस तरह की छोटी-छोटी तैयारियां आपके घर के मुख्य दरवाजे को खूबसूरत बनाने के साथ-साथ भाई के स्वागत को भी खास बना सकती हैं.
ये भी पढ़ें: क्या घर में फ्रिज, टीवी और वॉशिंग मशीन रखने की भी होती है सही दिशा? जानें क्या कहता है वास्तु शास्त्र
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए