सर्दियों में कम पसीने के बावजूद क्यों आती है अंडरआर्म से बदबू? छुटकारा पाने के लिए अपनाएं ये 5 तरीके
सर्दियों में अंडरआर्म से बदबू क्यों आती है? (photo- AI Generated)
Underarm Odor in Winter: सर्दियों में भी अंडरआर्म से पसीने की बदबू परेशान करती है? जानें इसके कारण और बदबू कम करने के 5 आसान तरीके.
Underarm Odor in Winter: सर्दियों में पसीना कम आने के बावजूद कुछ लोगों को अंडरआर्म से बदबू आने की परेशानी होती है. ऑफिस, कॉलेज या दोस्तों के बीच यह स्थिति कई बार असहज कर सकती है. अक्सर लोग मानते हैं कि पसीने की बदबू सिर्फ गर्मियों में आती है, लेकिन ऐसा नहीं है. ठंड के मौसम में भी अंडरआर्म से बदबू आने की समस्या हो सकती है. इसकी एक वजह पसीने के साथ त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया की प्रतिक्रिया भी है. ऐसे में सिर्फ परफ्यूम या डियोडोरेंट लगाने से समस्या दूर नहीं होती. शरीर की सफाई, सही कपड़ों का चुनाव और कुछ दूसरी आदतों पर ध्यान देना जरूरी है. आइए जानते हैं सर्दियों में अंडरआर्म से बदबू आने पर अपनाएं ये 5 तरीके.
1. रोजाना नहाएं और अंडरआर्म की सफाई रखें
सर्दियों में ठंड के कारण कई लोग रोज नहाने से बचते हैं. इससे शरीर की सफाई प्रभावित हो सकती है. अंडरआर्म में पसीना, त्वचा की मृत कोशिकाएं और बैक्टीरिया जमा होने से बदबू बढ़ सकती है. इसलिए रोजाना नहाने की कोशिश करें. नहाते समय अंडरआर्म को हल्के साबुन या बॉडी वॉश से अच्छी तरह साफ करें. इसके बाद इस हिस्से को तौलिए से अच्छी तरह सुखाएं.
2. बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करने से बचें
बेकिंग सोडा को अक्सर पसीने की बदबू दूर करने का घरेलू उपाय बताया जाता है. हालांकि, इसे सीधे अंडरआर्म पर लगाने से त्वचा में जलन, खुजली और रैशेज हो सकते हैं. खासकर संवेदनशील त्वचा वाले लोगों को इससे परेशानी हो सकती है. इसलिए अंडरआर्म की बदबू दूर करने के लिए बेकिंग सोडा की जगह त्वचा के लिए बने डियोडोरेंट का इस्तेमाल करना बेहतर है.
3. नींबू का रस सीधे त्वचा पर न लगाएं
नींबू में एसिड होता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इसे अंडरआर्म पर लगाने से बदबू खत्म हो जाएगी. नींबू का रस त्वचा में जलन और एलर्जी पैदा कर सकता है. शेविंग या वैक्सिंग के तुरंत बाद इसे लगाने से परेशानी और बढ़ सकती है. अंडरआर्म की सफाई के लिए सामान्य पानी और माइल्ड साबुन का इस्तेमाल करें.
यह भी पढ़ें: देश के दो-तिहाई बच्चों में विटामिन B12 की कमी, ICMR सर्वे में खुलासा; डाइट में शामिल करें ये 6 चीजें
4. सूती और आरामदायक कपड़े पहनें
अंडरआर्म से आने वाली बदबू को कम करने में कपड़ों का चुनाव भी अहम है. टाइट और सिंथेटिक कपड़ों में पसीना और नमी फंस सकती है. इससे बैक्टीरिया को पनपने का मौका मिलता है. इसके बजाय सूती और लिनन जैसे आरामदायक कपड़े पहनें. पसीने से भीगे कपड़ों को ज्यादा देर तक न पहनें और नियमित रूप से कपड़े बदलें.
5. सही डियोडोरेंट या एंटीपर्सपिरेंट चुनें
अंडरआर्म की बदबू कम करने के लिए डियोडोरेंट और एंटीपर्सपिरेंट का इस्तेमाल किया जा सकता है. डियोडोरेंट बदबू को कम करने या छिपाने में मदद करता है, जबकि एंटीपर्सपिरेंट पसीने की मात्रा घटाने में मदद करता है. अगर आपको ज्यादा पसीना आता है, तो एंटीपर्सपिरेंट उपयोगी हो सकता है. इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर पसीना सोखने वाले अंडरआर्म पैड्स का इस्तेमाल भी कर सकते हैं.
खानपान का भी रखें ध्यान
शरीर की साफ-सफाई और कपड़ों के साथ खानपान पर ध्यान देना भी जरूरी है. कुछ लोगों में लहसुन, प्याज और तेज मसालेदार भोजन से शरीर की गंध बढ़ सकती है. संतुलित डाइट लें और पर्याप्त पानी पिएं. विटामिन सी वाले फल और सब्जियां सेहत के लिए अच्छे हैं, लेकिन विटामिन सी को अंडरआर्म की बदबू दूर करने का प्रमाणित उपाय नहीं माना जाता.
कब डॉक्टर से मिलें?
अगर नहाने, साफ कपड़े पहनने और डियोडोरेंट इस्तेमाल करने के बावजूद बदबू बनी रहती है या अचानक शरीर की गंध में बदलाव आता है, तो डॉक्टर से सलाह लें.
यह भी पढ़ें: किचन का धुआं और मच्छर कॉइल भी बढ़ाते हैं प्रदूषण, जानिए घर की हवा साफ रखने के उपाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए