ePaper

गिरिडीह में पारसनाथ मंदिर बनेगा आकर्षण का केंद्र, झारखंड सरकार का पर्यटन क्षेत्रों को बढ़ावा देने पर जोर

Updated at : 27 Aug 2021 5:48 PM (IST)
विज्ञापन
गिरिडीह में पारसनाथ मंदिर बनेगा आकर्षण का केंद्र, झारखंड सरकार का पर्यटन क्षेत्रों को बढ़ावा देने पर जोर

विश्व प्रसिद्ध गिरिडीह जिला अंतर्गत पारसनाथ मंदिर को आकर्षण का केंद्र बनाने पर झारखंड सरकार गंभीर है. पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने से जहां देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार भी मुहैया हो पायेगा.

विज्ञापन

Jharkhand News (गिरिडीह) : झारखंड में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने को लेकर राज्य सरकार गंभीर है. इसी सिलसिले में इनदिनों राज्य के पर्यटन, खेल, कला, संस्कृति, खेलकूद व युवा कल्याण विभाग के सचिव अमिताभ कौशल विभिन्न पर्यटन क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं. गुरुवार को गिरिडीह स्थित पारसनाथ (मधुबन) पहुंचे. इस मौके पर उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध पारसनाथ मंदिर पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा.

पर्यटन सचिव श्री कौशल ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी पर्यटन स्थलों को विकसित किया जायेगा. इसके विकसित होने से स्थानीय लोगों को रोजगार के नये अवसर प्राप्त होंगे. जिला में पर्यटन स्थलों को विकसित करने के उद्देश्य से संबंधित विभाग से राशि की मांग की गयी है.

पारसनाथ शिखर का निरीक्षण करते हुए पर्यटन सचिव श्री कौशल ने कहा कि पारसनाथ मंदिर की व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है. जिला प्रशासन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटकों की सुविधा के लिए पारसनाथ के सौंदर्यीकरण के लिए व्यवस्था सुदृढ़ कर रहा है.

Also Read: चतरा के मां भद्रकाली मंदिर परिसर में बनेगा सबसे ऊंचा प्रेयर व्हील, लेजर शो समेत कई अन्य चीजों का होगा निर्माण

इसके तहत सामुदायिक शौचालय, पेयजल, यात्री शेड, वाहन पड़ाव, परिक्रमा पथ, मंदिर जाने के लिए सीढ़ियां, रेस्ट हाउस, प्राथमिक उपचार की सुविधा, सूचना केंद्र, रेस्टोरेंट व दुकान की सुविधा समेत अन्य व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया. कहा कि परिक्रमा पथ पर काम हो रहा है.

श्री कौशल ने कहा कि मंदिर जाने के लिए सीढ़ी व पगडंडी का निर्माण हो रहा है. इस मार्ग पर तीन से पांच किमी पर विश्राम स्थल की व्यवस्था की जायेगी. साथ ही उसरी फॉल का भी सौंदर्यीकरण किया जायेगा. यहां कॉन्फ्रेंस हॉल, शौचालय, बाउंड्री वॉल, चबूतरा, साबुन यूनिट, तोरणद्वार, गेट, गार्डवॉल समेत अन्य कार्य किये जायेंगे. इसके लिए एक करोड़ 69 लाख 15 हजार 600 रुपये की मांग की गयी है. पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत शिवरात्रि मेला मैदान को भी विकसित किया जायेगा. इसकी प्राक्कलित राशि 80 लाख 34 हजार 800 रुपये है.

वहीं, सदर प्रखंड के दुखिया महादेव का सौंदर्यीकरण एक करोड़ 55 लाख की लागत से किया जायेगा. बेंगाबाद प्रखंड के खंडोली में 99 लाख 53 हजार 400 की लागत से 30 कमरा, लॉज, कार पार्किंग व साइकिल स्टैंड आदि का निर्माण किया जायेगा. इधर, तिसरी प्रखंड के कोदाईबांक में 99 लाख 98 हजार 400 की राशि से स्टेडियम का निर्माण होगा. मौके पर डीसी राहुल कुमार सिन्हा, झारखंड पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक आर रोनिटा, पर्यटन निदेशक नीतीश कुमार सिंह, डीडीसी शशिभूषण मेहरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

Also Read: झारखंड में नेतरहाट व मॉडल स्कूल समेत कई परीक्षाएं लेने की तैयारी, झारखंड एकेडमिक काउंसिल का ये है प्लान
विधायक से मिले पर्यटन सचिव

परिसदन में पर्यटन सचिव श्री कौशल ने गिरिडीह सदर विधायक सुदीव्य कुमार सोनू और डीसी राहुल कुमार सिन्हा के साथ पर्यटन स्थल को विकसित करने संबंधी चर्चा भी की. इस मौके पर डीसी श्री सिन्हा ने कहा कि पर्यटन स्थलों के विकास से लोगों को रोजगार मिलेगा. स्थानीय लोगों को प्रशिक्षित कर पर्यटन उद्योग से जोड़ना है, ताकि पर्यटन विकास का सार्थक परिणाम मिल सके. पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है.

Posted By : Samir Ranjan.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola