टाइगर श्रॉफ के नाम पर फर्जी वीडियो बनाने वालों की खैर नहीं, एक्टर की टीम ने साफ-साफ दी चेतावनी
टाइगर श्रॉफ के टीम ने दी चेतावनी
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर उनके नाम से फर्जी वीडियो और बयान फैलाए जा रहे हैं. एक्टर की टीम ने सफाई देते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है.
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर को हुई फायरिंग की घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल है. इस घटना में टाइगर सुरक्षित हैं. हमले के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर भी चर्चा हो रही है. इसी बीच टाइगर श्रॉफ की टीम ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से फैलाए जा रहे फर्जी बयानों और AI से तैयार किए गए वीडियो को लेकर सफाई दी है.

टाइगर ने नहीं दिया कोई बयान
आपको बता दें कि टाइगर श्रॉफ की टीम ने साफ किया है कि एक्टर ने हालिया घटना को लेकर न तो कोई बयान जारी किया है और न ही कोई वीडियो शेयर किया है. टीम के मुताबिक, टाइगर की ओर से कोई संदेश जारी करने की अनुमति भी नहीं दी गई है. ऐसे में उनके नाम से सामने आ रहे बयानों और वीडियो पर भरोसा नहीं करना चाहिए.
सोशल मीडिया पर फैल रही गलत जानकारी
ऐसे में टीम का साफ-साफ कहना है कि कई सोशल मीडिया पेज और डिजिटल प्लेटफॉर्म टाइगर के नाम से फर्जी खबरें, AI से बनाए गए वीडियो और मनगढ़ंत बातें फैला रहे हैं. टीम ने ऐसे कंटेंट को गलत और बिना अनुमति के तैयार किया गया बताया है. साथ ही स्पष्ट किया है कि टाइगर या उनकी टीम का इस तरह की सामग्री से कोई संबंध नहीं है.
View on Instagram
फर्जी कंटेंट फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
टाइगर श्रॉफ की टीम ने मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया पेजों से अपील की है कि किसी भी जानकारी को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें. टीम ने कहा कि सिर्फ व्यूज बढ़ाने या पैसे कमाने के लिए गलत खबरें फैलाना ठीक नहीं है.
बयान में यह भी चेतावनी दी गई है कि टाइगर के नाम पर फर्जी वीडियो या बयान बनाने, उन्हें बढ़ावा देने और सोशल मीडिया पर फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. टीम इस तरह के मामलों पर नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर कानूनी रास्ता अपनाएगी.
आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील
टीम ने लोगों से कहा है कि वे टाइगर श्रॉफ और उनकी आधिकारिक टीम की ओर से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे किसी भी वीडियो या बयान को सच मानने से पहले उसकी पुष्टि करना जरूरी है.
ये भी पढ़ें: 'साल में दो दिन नहीं, 365 दिन हो देशभक्ति', सलमान खान ने 'जय हिंद' गाने के साथ दिया संदेश
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए