गाना सिखाते वक्त लता मंगेशकर को थप्पड़ मार बैठे थे ये मास्टर, फिर बोले- एक दिन गायकी की दुनिया पर राज करोगी
मास्टर गुलाम हैदर, लता मंगेशकर (फोटो: AI, IG)
लता मंगेशकर की प्रतिभा को मास्टर गुलाम हैदर ने शुरुआती दौर में ही पहचान लिया था. रिहर्सल के दौरान उन्होंने लता से कहा था कि एक दिन वह गायकी की दुनिया पर राज करेंगी. जानिए यह दिलचस्प किस्सा.
"इस कमजोर लड़की को आपने थप्पड़ क्यों मारा मास्टर जी? जरा इसे देखिए तो. ये बेचारी इतनी हैरान है कि रोना भी भूल गई है."
ये शब्द थे संगीतकार करतार सिंह के, एक दिन एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो में, लता 'हैदर' की एक धुन का रियाज कर रही थीं. चूंकि वह अभी सीख ही रही थीं, इसलिए उनसे बार-बार एक ही गलती हो रही थी. इस पर गुस्सा होकर, उस्ताद जी ने उन्हें प्यार से एक थप्पड़ जड़ दिया.
View on Instagram
मास्टर गुलाम हैदर ने लता मंगेशकर को उस वक्त मौका दिया था, जब बड़े-बड़े संगीतकार उनकी आवाज को पसंद नहीं कर रहे थे. उन्होंने पहले ही कह दिया था कि एक दिन यह लड़की गायकी की दुनिया पर राज करेगी. उनकी यह बात आगे चलकर सच साबित हुई.

लता मंगेशकर की आवाज ने सात दशकों से ज्यादा समय तक करोड़ों लोगों के दिलों पर राज किया. उनके गाने आज भी लोगों के बीच उतने ही लोकप्रिय हैं. लेकिन जिस आवाज ने आगे चलकर पूरी दुनिया को अपना दीवाना बना लिया, उसे पहचानने वाला शख्स कौन था? जिसने उस दौर में लता पर भरोसा जताया, जब फिल्मी दुनिया के कई लोग उनकी आवाज को पसंद नहीं कर रहे थे?

उस संगीतकार का नाम था मास्टर गुलाम हैदर. वह सिर्फ धुनें बनाने वाले संगीतकार नहीं थे, बल्कि नए हुनर को पहचानने की खास काबिलियत रखते थे. नूरजहां और शमशाद बेगम जैसी गायिकाओं को मौका देने वाले गुलाम हैदर की सबसे बड़ी पहचान लता मंगेशकर को आगे बढ़ाने के लिए भी बनी.

डेंटिस्ट थे गुलाम हैदर, क्लीनिक में रखते थे हारमोनियम
साल 1908 में जन्मे मास्टर गुलाम हैदर को बचपन से ही संगीत का शौक था. उन्होंने डेंटिस्ट की पढ़ाई की और लाहौर में अपना क्लीनिक शुरू कर दिया. लेकिन डॉक्टर बनने के बाद भी संगीत के लिए उनका प्यार कम नहीं हुआ. वह अपने क्लीनिक में भी हारमोनियम रखते थे और खाली समय में धुनें तैयार करते थे.
एक दिन उनके क्लीनिक में दांतों की तकलीफ लेकर एक शख्स पहुंचा. वह कोई आम मरीज नहीं थे. उनका नाम था दलसुख पंचोली. वह उस समय लाहौर फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा नाम थे और पंचोली आर्ट्स स्टूडियो के मालिक भी थे.

इलाज के दौरान दोनों के बीच बातचीत होने लगी. इसी दौरान पंचोली ने बताया कि वह अपनी नई फिल्म के लिए किसी अच्छे संगीतकार की तलाश कर रहे हैं. यह सुनते ही गुलाम हैदर ने हारमोनियम निकाला और उन्हें कुछ धुनें सुनाईं. पंचोली साहब उनके संगीत से काफी प्रभावित हुए और उन्होंने गुलाम हैदर को अपने स्टूडियो में काम करने का प्रस्ताव दे दिया.
गुलाम हैदर ने भी इस मौके को हाथ से नहीं जाने दिया. इस तरह एक डेंटिस्ट का क्लीनिक छोड़कर उनका फिल्मी संगीत की दुनिया में सफर शुरू हो गया.

अपने संगीत से बदल दिया फिल्मों का अंदाज
गुलाम हैदर ने बतौर संगीतकार 'स्वर्ग की सीढ़ी' से काम शुरू किया. इसके बाद पंचोली आर्ट्स स्टूडियो की फिल्म 'गुल-ए-बकावली' में संगीत दिया. फिर 'यमला जट्ट', 'खजांची', 'जमींदार', 'चौधरी' और 'पूंजी' जैसी फिल्मों के संगीत ने उन्हें बड़ी पहचान दिलाई.

उनकी सबसे बड़ी खासियत थी कि वह लोकप्रिय रागों में पंजाबी संगीत की लय और मस्ती मिला देते थे. उस दौर में फिल्मी संगीत का अंदाज काफी अलग था, लेकिन गुलाम हैदर ने ऐसी धुनें बनाईं जो सीधे लोगों के दिलों तक पहुंचती थीं.

जब लता की आवाज को कर दिया गया था रिजेक्ट
लता मंगेशकर के पिता दीनानाथ मंगेशकर के निधन के बाद परिवार आर्थिक मुश्किलों से गुजर रहा था. ऐसे में लता को फिल्मों में छोटे-मोटे रोल और कोरस में गाने का काम करना पड़ता था.
साल 1947 में लता की मुलाकात मास्टर गुलाम हैदर से हुई. उन्होंने लता की आवाज सुनी और उनका टेस्ट लिया. लता ने गाना सुनाया तो गुलाम हैदर समझ गए कि इस लड़की में कुछ खास बात है. उन्होंने उन्हें आगे बढ़ाने का फैसला कर लिया.

इसके बाद गुलाम हैदर लता को लेकर फिल्म निर्माता शशधर मुखर्जी के पास पहुंचे. उन्हें उम्मीद थी कि मुखर्जी भी लता की आवाज सुनकर प्रभावित होंगे. लेकिन उन्हें लता की आवाज पसंद नहीं आई. उनका कहना था कि आवाज बहुत पतली और तीखी है, जो फिल्म की हीरोइन पर फिट नहीं बैठेगी. शशिधर मुखर्जी फिल्म उद्योग में एक प्रसिद्ध बंगाली परिवार के मुखिया थे, जिनकी पोती बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी हैं.

यह सुनकर गुलाम हैदर को काफी बुरा लगा. उन्होंने साफ कह दिया कि आज भले ही आप इस लड़की की आवाज को पसंद नहीं कर रहे हैं, लेकिन एक दिन ऐसा आएगा जब निर्माता लता को अपनी फिल्मों में गवाने के लिए उनके दरवाजे पर लाइन लगाकर खड़े होंगे.

लता जी ने एक इंटरव्यू में बताया कि इतना कहकर मास्टर गुलाम हैदर ने शशिधर को अपना इस्तीफा सौंप दिया और उसी समय मेरे साथ बॉम्बे टॉकीज स्टूडियो की ओर चल पड़े. इसके बाद शशिधर को भी अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने 'अनारकली' और 'नागिन' समेत अपनी सभी फिल्मों के गाने लता मंगेशकर की आवाज में रिकॉर्ड किए.

रिहर्सल में लता से हुई गलती तो गुलाम हैदर ने जड़ा था थप्पड़
लता मंगेशकर और गुलाम हैदर का एक किस्सा काफी मशहूर है. एक दिन दोनों गाने की रिहर्सल कर रहे थे. लता गाने की एक जगह बार-बार गलती कर रही थीं. कई बार समझाने के बाद भी जब गलती नहीं सुधरी तो गुलाम हैदर को गुस्सा आ गया और उन्होंने लता के गाल पर थप्पड़ लगा दिया.
वहां मौजूद संगीतकार यह देखकर हैरान रह गए. करतार सिंह ने गुलाम हैदर से पूछा कि उन्होंने इतनी कमजोर लड़की को थप्पड़ क्यों मारा. इस पर गुलाम हैदर ने कहा कि जब नूरजहां गलती करती थीं तो वह उन्हें भी इसी तरह समझाते थे.

इसके बाद उन्होंने लता के बारे में कहा कि एक दिन यह लड़की गायकी की दुनिया पर राज करेगी. आगे चलकर उनकी यह बात सच साबित हुई. लता मंगेशकर को भारत रत्न से सम्मानित किया गया और उनकी आवाज दुनिया भर में पहचान बनाने में कामयाब रही.

पाकिस्तान चले गए गुलाम हैदर, 45 साल की उम्र में हुआ निधन
देश के बंटवारे के बाद गुलाम हैदर पाकिस्तान चले गए. वहां भी उन्होंने फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया और अपनी पहचान बनाए रखी. उन्होंने भारत में 'फूल' और 'हुमायूं' जैसी फिल्मों के लिए भी संगीत दिया था.
पाकिस्तान में उनकी आखिरी फिल्मों में 'गुलनार' का नाम शामिल है. इसी दौरान उन्हें गले का कैंसर हो गया. बीमारी से लड़ते हुए 9 नवंबर 1953 को महज 45 साल की उम्र में उनका निधन हो गया.
आज जब भी लता मंगेशकर के गीत सुनाई देते हैं, तो उस संगीतकार को याद करना भी जरूरी है, जिसने सबसे पहले उनकी आवाज की ताकत पहचान ली थी.
ये भी पढ़ें: पिता को लोगों ने कहा- बेटी को नाचना सिखाकर क्या बना रहे हो? वही बेटी बनीं भारत की 'कथक क्वीन'
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए