पाजी की सर्जरी हुई है, थोड़ी इंसानियत दिखाओ... दलेर मेहंदी के नशे में होने के आरोपों पर भड़के कपिल शर्मा
कपिल शर्मा और दलेर, फोटो- इंस्टाग्राम
उत्तराखंड के मेले में दलेर मेहंदी पर लगे नशे के आरोपों के बाद कॉमेडियन कपिल शर्मा उनके बचाव में उतरे हैं. कपिल ने सिंगर की बड़ी सर्जरी और बीमारी का सच बताते हुए ट्रोलर्स को जमकर लताड़ा है.
उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित एक मेले में मशहूर सिंगर दलेर मेहंदी परफॉर्म करने पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उनके परफॉर्मेंस पर सवाल उठाए. मंत्री का आरोप था कि दलेर मेहंदी स्टेज पर ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और सिर्फ गानों पर लिप-सिंक कर रहे थे. इसके बाद सिंगर के नशे में होने की चर्चाएं भी होने लगीं. अब इस पूरे मामले पर कॉमेडियन कपिल शर्मा का रिएक्शन सामने आया है.
'कुछ ही समय पहले एक बहुत बड़ी सर्जरी से गुजरे हैं'

कपिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए दलेर मेहंदी की हालत का पूरा सच सामने रखा. उन्होंने बताया कि दलेर पाजी कुछ ही समय पहले एक बहुत बड़ी सर्जरी से गुजरे हैं, जिसके बारे में लोगों को जानकारी नहीं है. कपिल ने भावुक अपील करते हुए लिखा,
"हमें एक-दूसरे के प्रति थोड़ी इंसानियत दिखानी चाहिए. किसी को नहीं पता होता कि सामने वाला इंसान असल में अंदर से किस दर्द और तकलीफ से जूझ रहा है."
चंद व्यूज के लिए झूठ फैलाने वालों को लगाई लताड़

कपिल शर्मा ने मीका सिंह के पोस्ट के नीचे कमेंट करते हुए उन लोगों को भी जमकर फटकार लगाई, जो सोशल मीडिया पर केवल थोड़े से व्यूज और लाइक्स पाने के लिए झूठी बातें फैला रहे हैं. उन्होंने लिखा कि किसी की बीमारी का मजाक उड़ाना और फेक न्यूज फैलाना बेहद शर्मनाक हरकत है.
इसके साथ ही कपिल ने दुआ की कि भगवान दलेर पाजी को जल्द ठीक होने की ताकत दे, और वे बहुत जल्द मंच पर फिर से शेर की तरह दहाड़ेंगे.
भाई मीका सिंह ने भी किया था बचाव
View on Instagram
कपिल शर्मा से पहले दलेर मेहंदी के छोटे भाई और सिंगर मीका सिंह ने भी एक वीडियो जारी कर सच्चाई बताई थी. मीका ने साफ किया था कि दलेर पाजी कभी शराब नहीं पीते हैं. वे पिछले दो साल से गंभीर रूप से बीमार हैं और अपनी सेहत में सुधार की कोशिश कर रहे हैं. मीका ने मीडिया और लोगों से अपील की थी कि बिना सच जाने किसी भी बड़े कलाकार पर झूठे आरोप न लगाएं.
मंत्री सुबोध उनियाल ने क्या कहा था?
दरअसल, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मेले में दलेर मेहंदी के परफॉर्मेंस पर नाराजगी जताई थी. मंत्री ने कहा था कि दलेर मेहंदी एक बड़े कलाकार हैं और उन्हें अपनी कला का सम्मान करना चाहिए. उनका आरोप था कि इतने बड़े बजट के शो में सिंगर ठीक से खड़े नहीं थे और केवल लिप-सिंक कर रहे थे. इसी बयान के बाद सोशल मीडिया पर यह अफवाह उड़ने लगी थी कि दलेर मेहंदी नशे में थे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए