400 में 397.5 नंबर, फिर खुला टॉपर का राज! AI से ऐसे करता था परीक्षा में नकल
परीक्षा देते हुए स्टूडेंट का फोटो (AI)
AI Cheating case: दक्षिण कोरिया में एक उम्मीदवार ने परीक्षा में 400 में से 397.5 नंबर हासिल कर टॉप किया था. उसके इतने ज्यादा नंबर आने पर सवाल उठे, तो पहले उसने आरोपों को गलत बताया. लेकिन कुछ दिनों बाद उसने खुद ऐसा खुलासा किया, जिसने परीक्षा में AI के इस्तेमाल पर नई बहस छेड़ दी. जानिए उसने कैसे रची पूरी चाल.
AI Cheating case: दक्षिण कोरिया में एक प्रोफेशनल परीक्षा के टॉपर ने अपनी सफलता का ऐसा राज खोला है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. उम्मीदवार ने परीक्षा में लगभग पूरे नंबर हासिल किए थे. लेकिन उसकी यह कामयाबी मेहनत का नतीजा नहीं, बल्कि AI की मदद से की गई नकल थी. उसने छोटी सी कैमरा डिवाइस से परीक्षा के सवालों की तस्वीरें खींचीं और AI से उनके जवाब हासिल किए. बाद में उसने खुद वीडियो जारी कर अपनी गलती कबूल कर ली.
मामला दक्षिण कोरिया की नेशनल टैक्स अकाउंटेंट क्वालिफिकेशन परीक्षा का है. इस परीक्षा में टॉप करने वाले 34 वर्षीय उम्मीदवार का नाम लीन डॉन हो बताया गया है. उसके नंबर सामने आने के बाद से ही परीक्षा में नकल को लेकर सवाल उठ रहे थे.
400 में से मिले थे 397.5 नंबर
लीन डॉन ने अप्रैल 2026 में हुई परीक्षा के पहले चरण में 400 में से 397.5 नंबर हासिल किए थे. उसने 160 सवालों में से 159 के सही जवाब दिए थे. खास बात यह थी कि टैक्स लॉ जैसे मुश्किल विषय में भी उसे 100 में 100 नंबर मिले थे. इस विषय में परीक्षा देने वाले 16,856 उम्मीदवारों का औसत स्कोर सिर्फ 30.18 था. ऐसे में उसके असाधारण नंबर आने पर दूसरे उम्मीदवारों और टैक्स प्रोफेशनल्स ने सवाल उठाने शुरू कर दिए.
इसके बाद जुलाई में हुई परीक्षा के दूसरे चरण में भी उसने 800 में से 663 नंबर हासिल किए. इस तरह वह दोनों चरणों के आधार पर परीक्षा का ओवरऑल टॉपर बन गया.
कैमरे से खींचता था सवाल, AI से लेता था जवाब
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हान ने परीक्षा के दौरान एक छोटी कैमरा डिवाइस का इस्तेमाल किया था. वह इससे सवालों की तस्वीरें खींचता और फिर उन्हें AI टूल पर भेज देता था. AI से मिले जवाब वह अपने स्मार्टफोन पर देखता था. उसने बताया कि पहली और दूसरी, दोनों परीक्षाओं में इसी तरीके से नकल की थी.
पहले आरोपों से किया इनकार, फिर खुद कबूली गलती
असाधारण नंबर आने के बाद जब उस पर AI की मदद से नकल करने के आरोप लगे, तो उसने पहले इनकार कर दिया था. लेकिन 15 नवंबर को अपने वकील के यूट्यूब चैनल पर जारी एक वीडियो में उसने मास्क पहनकर अपनी गलती स्वीकार की. उसने कहा कि उसकी टॉप रैंक ईमानदारी से की गई मेहनत का नतीजा नहीं थी. उसने अपने किए के लिए माफी भी मांगी.
पुलिस कर रही मामले की जांच
हान ने अपने वकील के जरिए सियोल पुलिस को लिखित बयान सौंपकर नकल की बात कबूल की है. मामले की जांच शुरू हो चुकी है. परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट सर्विस ऑफ कोरिया ने भी उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया है. वहीं, दक्षिण कोरिया में इस घटना के बाद दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं में AI की मदद से नकल रोकने को लेकर भी चिंता बढ़ गई है.
ये भी पढ़ें: छात्र की मौत के बाद IIT Roorkee ने टाले 70 एग्जाम, अब इस दिन होगी परीक्षा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
