QR कोड पर ₹300 और साउंडबॉक्स पर ₹750 मिलेंगे, दुकानदारों के लिए NPCI लाई नई UPI योजना
छोटे दुकानदारों के लिए NPCI की नई UPI योजना
छोटे दुकानदारों के लिए NPCI ने UPI व्यापार सक्षम योजना पेश की है. इससे QR कोड पर ₹300 और साउंडबॉक्स पर ₹750 का इंसेंटिव मिलेगा.
देश में डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने नई योजना पेश की है. इसका नाम 'UPI व्यापार सक्षम स्कीम' है. इसका मुख्य उद्देश्य छोटे दुकानदारों और कारोबारियों को डिजिटल पेमेंट से जोड़ना है. खासकर छोटे शहरों, कस्बों और ग्रामीण इलाकों में इस योजना के जरिए डिजिटल भुगतान की सुविधा बढ़ाने की कोशिश की जाएगी.
इस योजना के तहत छोटे व्यापारियों की दुकानों पर फिजिकल QR कोड और साउंडबॉक्स लगाने को बढ़ावा दिया जाएगा. इसके लिए बैंकों और पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी.योजना के अनुसार, QR कोड लगाने के लिए 300 रुपये और साउंडबॉक्स लगाने के लिए 750 रुपये का इंसेंटिव तय किया गया है. इसका मकसद ज्यादा से ज्यादा दुकानदारों को UPI सिस्टम से जोड़ना है.
छोटे दुकानदारों को क्या फायदा होगा?
आजकल ज्यादातर लोग दुकान पर खरीदारी करने के बाद UPI के जरिए भुगतान करना पसंद करते हैं. QR कोड से ग्राहक आसानी से मोबाइल से स्कैन करके पैसे भेज सकते हैं.वहीं, साउंडबॉक्स दुकानदारों के लिए काफी उपयोगी है. जब कोई ग्राहक पेमेंट करता है, तो साउंडबॉक्स आवाज के जरिए भुगतान मिलने की जानकारी देता है. इससे दुकानदार को बार-बार मोबाइल चेक करने की जरूरत नहीं पड़ती. साथ ही फर्जी पेमेंट के मामलों से बचने में भी मदद मिल सकती है.
कब से लागू होगी योजना?
NPCI ने 11 नवंबर 2026 को इस योजना से जुड़ा सर्कुलर जारी किया है. इसे मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) के जरिए मिलने वाली राशि से फंड किया जाएगा. योजना की अवधि तीन साल होगी, जो UPI पर MDR लागू होने के बाद शुरू होगी. हालांकि, अभी इसकी शुरुआत की निश्चित तारीख घोषित नहीं की गई है.इस योजना से छोटे कारोबारियों के लिए डिजिटल भुगतान अपनाना आसान हो सकता है और देश में UPI का इस्तेमाल बढ़ सकता है. ध्यान रखें कि इंसेंटिव बैंकों और पेमेंट कंपनियों के लिए है, दुकानदारों को सीधे मिलने वाली नकद राशि नहीं होगी.
ये भी पढ़ें: बैंक ऑफ बड़ौदा ने FD की ब्याज दरों में किया बदलाव, सीनियर सिटीजन को ज्यादा फायदा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए