Bihar News : बांका में चल रहा था फर्जी पुलिस थाना, यहां नकली पुलिस कर रही थी केस सॉल्व
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 17 Aug 2022 8:04 PM
बांका के अनुराग गेस्ट हाउस में चल रहे फर्जी थाने से फुल्लीडुमर के लौढिया गांव के रमेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है जो की यहां मुंशी का काम कर रहे थे. इसके साथ ही सुल्तानगंज के खानपुर की रहने वाली जुली कुमारी को भी हिरासत में लिया गया है.
बिहार के बांका शहर में पुलिस के नाक के नीचे एक फर्जी थाने का संचालन किया जा रहा था. बुधवार की सुबह शहर के अनुराग गेस्ट हाउस में संचालित हो रहे इस फर्जी पुलिस थाने पर छापेमारी की गई. छापेमारी में पुलिस ने फर्जी पुलिस वर्दीधारियों को पिस्टल और अन्य फर्जी कागजात के साथ गिरफ्तार किया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी की शहर के एक गेस्ट हाउस में फर्जी थाने का संचालन किया जा रहा था. इसके बाद पुलिस ने गेस्ट हाउस में छापेमारी की. यहां छापेमारी के दौरान पुलिस कर्मियों ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है. इस थाने में दारोगा का किरदार निभा रही युवती अनीता देवी के पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा बरामद किया. गिरफ्तार की गई अनिता देवी बताती है कि यह कट्टा उसके वरीय पदाधिकारी द्वारा सीखने के लिए दिया गया था. और उसकी बहाली झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कहने पर हुई है.
गेस्ट हाउस में चल रहे इस फर्जी थाने से फुल्लीडुमर के लौढिया गांव के रमेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है जो की यहां मुंशी का काम कर रहे थे. इसके साथ ही सुल्तानगंज के खानपुर की रहने वाली जुली कुमारी को भी हिरासत में लिया गया है. भागलपुर जिला अंतर्गत खानपुर के आकाश कुमार को भी पुलिस वर्दी में कई अन्य कागजात के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में सभी ने बताया की वह अपने सीनियर ऑफिसर भोला यादव जो की फुल्लीडुमर के रहने वाले हैं के निर्देश पर काम करते थे.
Also Read: RJD का BJP पर पलटवार, राजद प्रवक्ता ने कहा जिनके घर शीशे के हों वे दूसरे के घरों पर पत्थर नहीं फेंकते
गेस्ट हाउस से पुलिस ने फर्जी पुलिस वालों के निजी रसोइए को भी गिरफ्तार किया है और पूछताछ कर रही है. गिरफ्तार फर्जी पुलिस कर्मियों ने बताया की उन्हें यह काम करने के लिए प्रतिदिन 500 रुपये मिलते थे. इस फर्जी थाने में प्रतिदिन लोग फ़रियाद लेकर पहुंचते थे जिसे यह फर्जी पुलिस वाले डरा धमका कर सुलझा देते थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










