Ather Konarc के एंट्री-लेवल वेरिएंट के लिए अभी करना होगा और इंतजार, कंपनी ने बताई इसके पीछे की असली वजह
Ather Konarc इलेक्ट्रिक स्कूटर EMI गाइड (Pic: Ather Energy)
Ather Energy ने 122 करोड़ रुपये के निवेश से होसुर और AURIC प्लांट की प्रोडक्शन क्षमता बढ़ाई है. मांग के मुकाबले प्रोडक्शन कम होने के कारण Konarc की लॉन्चिंग आगे बढ़ाई गई है.
एथर एनर्जी के बोर्ड ने अपने Hosur और AURIC प्लांट में सालाना प्रोडक्शन क्षमता 2.25 लाख यूनिट बढ़ाने के लिए 122 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है. कंपनी का कहना है कि मांग के मुकाबले प्रोडक्शन कम हो रहा है. हर महीने करीब 18,000 से 20,000 यूनिट की रिटेल मांग पूरी नहीं हो पा रही है. इसी वजह से Ather ने एंट्री-लेवल Konarc वेरिएंट की लॉन्चिंग को भी Q1 FY2027 से बढ़ाकर Q4 FY2027 कर दिया है. कंपनी ने स्कूटर लॉन्च करते समय इसे Q1 FY2027 में पेश करने की बात कही थी.
Ather Energy की प्रोडक्शन क्षमता बढ़ाने और Konarc की योजना
Q2 FY2027 यानी जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान Ather को मिलने वाले कस्टमर प्री-ऑर्डर सालाना आधार पर दोगुने से ज्यादा बढ़कर करीब 1.80 लाख यूनिट हो गए. इस दौरान कंपनी का औसत मंथली प्रोडक्शन करीब 33,000 यूनिट रहा. Ather के Hosur प्लांट में इस दौरान क्षमता का इस्तेमाल बढ़कर 98 फीसदी तक पहुंच गया. कंपनी के CEO तरुण मेहता ने एनालिस्ट कॉल के दौरान कहा कि हर महीने करीब 20,000 यूनिट की रिटेल मांग ऐसी है, जिसे कंपनी अभी पूरा नहीं कर पा रही है.
Hosur प्लांट की क्षमता बढ़ाने के लिए 58 करोड़ रुपये खर्च होंगे
बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए Ather के बोर्ड ने 122 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है. इसमें से 58 करोड़ रुपये तक Hosur प्लांट पर खर्च किए जाएंगे. इससे इस प्लांट की सालाना प्रोडक्शन क्षमता 4.2 लाख यूनिट से बढ़कर दिसंबर तक 4.95 लाख यूनिट हो जाएगी. इसके अलावा, Ather एक नई बैटरी लाइन पर भी काम कर रही है, जिसके Q3 FY2028 तक तैयार होने की उम्मीद है.
AURIC प्लांट में 64 करोड़ रुपये का निवेश करेगी कंपनी
बाकी 64 करोड़ रुपये छत्रपति संभाजीनगर में मौजूद AURIC प्लांट पर खर्च किए जाएंगे. इस प्लांट में दिसंबर से चरणों में कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू होगा. शुरुआत में इसकी सालाना क्षमता 5 लाख यूनिट होगी. दोनों प्लांट की कुल इंस्टॉल्ड प्रोडक्शन क्षमता बढ़कर करीब 11.45 लाख यूनिट सालाना हो जाएगी, जो अभी 9.2 लाख यूनिट है.
Konarc की लॉन्चिंग चरणों में होगी
तरुण मेहता ने कहा कि जब कंपनी की प्रोडक्शन क्षमता सीमित है, तब एंट्री-लेवल S 100 को लॉन्च करने से ज्यादा मुनाफा देने वाले मॉडल की बिक्री पर असर पड़ सकता है. इसी वजह से कंपनी ने इसकी लॉन्चिंग का समय आगे बढ़ाने का फैसला किया है.
Konarc को पहले उत्तर प्रदेश और राजस्थान में पेश किया जाएगा
Ather Konarc को चरणों में बाजार में उतार रही है. इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश और राजस्थान से होगी. इसके बाद इसे उत्तर भारत, मध्य भारत और पश्चिम भारत के दूसरे राज्यों में पेश किया जाएगा. दक्षिण भारत के राज्यों में इसकी बिक्री प्रोडक्शन क्षमता के हिसाब से शुरू की जाएगी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
