जमशेदपुर: सेंट्रल ट्रांसपोर्ट के चालकों और खलासियों को पीएफ, इएसआइ व अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर कांग्रेसी नेता आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में की गयी हड़ताल त्रिपक्षीय वार्ता के बाद समाप्त हो गयी.
सुबह की पाली में कर्मचारियों को कंपनी पहुंचाने के बाद चालक हड़ताल पर बैठ गये. सेंट्रल ट्रांसपोर्ट की ओर से पहले मो आरिफ खान हड़ताली मजदूरों से बात करने आये पर आनंद बिहारी दुबे ने बात करने से इनकार कर दिया. उसके बाद टाटा मोटर्स से बीएन सिंह, ट्रांसपोर्ट प्रबंधक विजय सिंह तथा ट्रांसपोर्ट पदाधिकारी डीके राय ने श्री दुबे व चालकों से बात की.
प्रबंधन के पदाधिकारियों ने सेंट्रल ट्रांसपोर्ट के एमडी से दूरभाष पर बात की तो उन्होंने बताया कि 16 तक वे जमशेदपुर आएंगे तभी सभी समस्याओं पर बात करेंगे. त्रिपक्षीय वार्ता में टाटा मोटर्स की ओर से बीएन सिंह, विजय सिंह, डीके राय, सेंट्रल ट्रांसपोर्ट की ओर से मो आरिफ खान, रामेश्वर पाल, जियाउल खान, परिवहनकर्मियों की ओर से आनंद बिहारी दुबे, चेतन राव, अजय सिन्हा, बलबीर सिंह समेत अन्य शामिल थे.