सीबीआइ के समक्ष पेश हुए बीओबी के प्रबंधक

सहरसा : सृजन घोटाले से संबंधित दस्तावेज के साथ सीबीआई की टीम के बुलावे पर बैंक ऑफ बड़ौदा सहरसा के प्रबंधक पहुंचे. टीम ने उनसे अन्य जानकारी भी मांगी. टीम के सदस्यों ने सहरसा पहुंचने के दूसरे दिन ही विशेष भू अर्जन पदाधिकारी व बैंक के अधिकारियों से कई फाइलों की मांग की थी और […]
सहरसा : सृजन घोटाले से संबंधित दस्तावेज के साथ सीबीआई की टीम के बुलावे पर बैंक ऑफ बड़ौदा सहरसा के प्रबंधक पहुंचे. टीम ने उनसे अन्य जानकारी भी मांगी. टीम के सदस्यों ने सहरसा पहुंचने के दूसरे दिन ही विशेष भू अर्जन पदाधिकारी व बैंक के अधिकारियों से कई फाइलों की मांग की थी और उसे अविलंब उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया था.
मांग के अनुसार कागजात सीबीआई टीम को बैंक ऑफ बड़ौदा और विशेष भूअर्जन पदाधिकारी उपलब्ध करा रहे हैं. डीएम विनोद सिंह गुंजियाल द्वारा गठित टीम ने भी बैंक ऑफ बड़ौदा सहरसा और विशेष भूअर्जन कार्यालय कोसी योजना में अपर समाहर्ता के नेतृत्व में की गयी जांच रिपोर्ट सीबीआई टीम को सौंप दी है. पिछले पांच दिनों से सीबीआई की दो सदस्यीय टीम दस्तावेजों को सेफ हाउस स्थित अपने स्थायी कार्यालय सह आवास पर खंगाल रही है. सीबीआई के डीएसपी राजीव रंजन और एक इंस्पेक्टर रैंक के पदाधिकारी सृजन से जुडे़ खाते व कागजात के रिकार्ड देख कलमबद्ध कर रहे हैं. टीम जिला प्रशासन, एसआईटी और विशेष भूअर्जन से प्राप्त दस्तावेजों का लगातार अध्ययन कर रही है.
हालांकि, विशेष भूअर्जन कार्यालय और बैंक आफ बड़ौदा से सभी दस्तावेज अभी तक प्राप्त नहीं हो पाये हैं. भागलपुर के डीएम से विशेष भूअर्जन कार्यालय कोसी योजना की सरकारी राशि सृजन के खाते में ट्रांसफर होने की सूचना पर सहरसा के डीएम ने चार सदस्यीय टीम गठित कर जांच करायी थी. जांच में पता चला था कि सृजन के खाते में 162 करोड़ 92 लाख 49 हजार 924 रुपये विशेष भूअर्जन कार्यालय कोसी योजना सहरसा की राशि 28 मार्च 2012 से 29 जुलाई 2013 की अवधि में हस्तांतरित कर दी गयी थी. उस राशि को 20 अप्रैल 2015 तक अलग-अलग तिथियों में सरकारी खाते में वापस किया गया. विशेष भूअर्जन कार्यालय की राशि जिस समय हस्तांतरित हुई उस समय विभाग का खाता बैंक ऑफ़ बड़ौदा भागलपुर में था. बाद में बैंक ऑफ़ बड़ौदा सहरसा में विशेष भूअर्जन कार्यालय ने खाता खुलवाया और बीओबी भागलपुर में जमा राशि की मांग की. विभाग के मुताबिक सारी राशि वापस आ गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




