भागलपुर : जिले के 38 केंद्रों पर बुधवार से मैट्रिक परीक्षा शुरू हो जायेगी. सभी दिन एक ही पाली में परीक्षा होनी है. जिन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के अनुपात में बेंच-डेस्क की कमी है उस केंद्र से नजदीक के विद्यालय के प्रधानाध्यापकों को डीइओ ने यह निर्देश दिया है कि संबंधित केंद्र पर बेंच-डेस्क पहुंचाने की व्यवस्था किया जाये.
निर्देश का अनुपालन नहीं करने वाले प्रधानाध्यापकों के खिलाफ़ बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम 1981 के तहत कार्रवाई की जायेगी.
इसके इतर वीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे मंगलवार दोपहर को ही संबंधित केंद्राधीक्षक के पास उपस्थिति दर्ज करा लेंगे. वे निर्देश का पालन नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ़ भी उक्त अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी. केंद्राधीक्षकों को यह निर्देश दिया गया है कि केंद्र में सीटिंग व्यवस्था मंगलवार को ही सुनिश्चित कर लें.
Post new comment