बीयर फैक्टरी पर कब्जा करने के विवाद में मारपीट, आठ हिरासत में
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 08 Jun 2019 1:37 AM
विज्ञापन
रांची : तुपुदाना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बंद पड़ी बीयर फैक्टरी और जमीन पर कब्जा को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. घटना के दौरान विरोध करने पर कर्मियों के साथ मारपीट की गयी. साथ ही फैक्टरी में तोड़फोड़ भी की गयी. इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर […]
विज्ञापन
रांची : तुपुदाना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बंद पड़ी बीयर फैक्टरी और जमीन पर कब्जा को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. घटना के दौरान विरोध करने पर कर्मियों के साथ मारपीट की गयी. साथ ही फैक्टरी में तोड़फोड़ भी की गयी. इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया.
पुलिस ने मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में हिनू निवासी अजय सिन्हा, आकाश कुमार राय, रवि, रूपेश सिंह, बीरेंद्र सिंह, राहुल कुमार तिवारी, समीर कुमार बागची और सुधीर कुमार को हिरासत में लिया है. जबकि कुछ लोग वहां से भागने में सफल रहे.
आकाश राय उर्फ मोनू का नाम पहले ही सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़े होने के रूप में सामने आ चुका है. उस पर सुजीत सिन्हा के नाम पर पहले से रंगदारी मांगने का आरोप है. कुछ माह पूर्व आकाश राय उर्फ मोनू को जमशेदपुर पुलिस सुजीत सिन्हा के नाम पर रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. वह हाल में ही जमानत पर बाहर निकला है. मामले में दोनों पक्ष की ओर से तुपुदाना ओपी में शिकायत दर्ज करायी गयी है.
मामले में एक पक्ष की ओर से तुपुदाना ओपी में अमित सिंह व दूसरे पक्ष से अजय सिंह ने शिकायत दर्ज करायी है. अमित सिंह ने शिकायत में लिखा है कि तुपुदाना स्थित बीयर फैक्टरी में वह योगेंद्र तिवारी के केयर टेकर के रूप में काम करते हैं. शुक्रवार को अचानक अजय सिन्हा अपने 40- 50 लोगों के साथ फैक्टरी पहुंचे.
कुछ लोग दीवार फांद कर अंदर घुसे. वे लोग हथियार से लैस थे. फैक्टरी में प्रवेश करने के बाद आरोपियों ने कर्मी अमित सिंह और गुलशन के साथ मारपीट की. दोनों को पिस्टल के बल पर फैक्टरी खाली करने की धमकी दी गयी. अजय सिन्हा के साथ आये लोगों ने फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरा, कंप्यूटर, कुर्सी सहित अन्य सामान तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया.
इसी बीच घटना की सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची. पुलिस को आते देख हथियार से लैस लोग वहां से भाग निकले. पुलिस ने घटनास्थल से 12 बाइक और एक फॉरच्यूर्नर गाड़ी भी बरामद किया है. घटना से दो दिन पूर्व आकाश राय उर्फ मोनू भी फैक्टरी आया था. उसने खुद को सुजीत सिन्हा गिरोह का सदस्य बताते हुए दो दिनों के अंदर फैक्टरी खाली करने की धमकी दी थी.
इधर मामले में अजय सिन्हा ने भी तुपुदाना ओपी में शिकायत दर्ज करायी है. उसने अपनी शिकायत में लिखा है कि जिस प्लॉट में बीयर की फैक्टरी है, वह जमीन उसके नाम से रियाडा द्वारा आवंटित है. उक्त जमीन पर योगेंद्र तिवारी और उनके लोगों ने अवैध रूप से कब्जा जमा लिया था. इसकी सूचना उनके द्वारा पूर्व में भी पुलिस को दी जा चुकी है. उक्त जमीन पर लगे उपकरण पर भी अजय सिन्हा ने खुद का दावा किया है.
योगेंद्र तिवारी द्वारा कब्जा की वजह से उपकरण बरबाद हो रहे हैं. फैक्ट्री की सुरक्षा में तैनात लोगों के कहने पर ही अजय सिन्हा सिविल ठेकेदार के साथ वहां गये थे. वहां काम करने की जिम्मेवारी अजय सिन्हा ने आकाश राय को दे रखी थी. वहां जाने पर मौजूद लोग गाली-गलौज करने लगे और धक्का-मुक्की की. अजय सिन्हा ने फैक्टरी के लोगों पर 40- 50 लाख रुपये के सामान की भी चोरी करने का आरोप लगाया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










