कटैया-निर्मली (सुपौल) से इंद्रभूषण की रिपोर्ट.
Bihar Land Survey: पिपरा प्रखंड के भूमिहीन परिवारों के लिए राहत भरी खबर है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देश पर 15 जून से 21 जून तक विशेष अभियान चलाकर सरकारी जमीन पर वर्षों से बसे भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा उपलब्ध कराया जाएगा. इस पहल से ऐसे परिवारों को कानूनी पहचान मिलने के साथ-साथ आवास, बिजली और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी.
अभियान बसेरा-2 के तहत मिलेगा लाभ
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने 11 जून 2026 को जारी निर्देश में सभी जिलाधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा है. विभाग के अनुसार अभियान बसेरा-2 के तहत पहले से सर्वेक्षित भूमिहीन परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर बासगीत पर्चा दिया जाएगा.
साथ ही ऐसे परिवार जो अब तक सर्वेक्षण से बाहर रह गए हैं, उनकी भी स्थल जांच कर जून माह के भीतर बंदोबस्ती प्रमाण पत्र जारी करने का निर्देश दिया गया है.
पिपरा के सैकड़ों परिवारों को मिलेगी राहत
पिपरा प्रखंड में बड़ी संख्या में गरीब और भूमिहीन परिवार वर्षों से गैर मजरूआ खास, गैर मजरूआ आम तथा अन्य सरकारी जमीनों पर घर बनाकर रह रहे हैं. लेकिन उनके पास वैध बासगीत पर्चा नहीं होने के कारण वे कई सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित थे.
इन परिवारों को आवास योजना, बिजली कनेक्शन, राशन कार्ड और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. विशेष अभियान शुरू होने की खबर से ऐसे परिवारों में उम्मीद जगी है.
जमीन नहीं तो मिलेगी एक लाख रुपये की सहायता
विभागीय निर्देश में यह भी प्रावधान किया गया है कि जहां सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं होगी, वहां पात्र भूमिहीन परिवारों को मुख्यमंत्री गृहस्थल क्रय सहायता योजना का लाभ दिया जाएगा.
इस योजना के तहत न्यूनतम तीन डिसमिल रैयती भूमि खरीदने के लिए एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी. इससे लाभुक अपने नाम से जमीन खरीदकर स्थायी आवास बना सकेंगे.
शिविर लगाकर लिए जाएंगे आवेदन
राजस्व विभाग ने संबंधित अधिकारियों को अभियान अवधि के दौरान विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया है. शिविरों में आवेदन प्राप्त किए जाएंगे और पात्र लाभुकों की जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर बासगीत पर्चा वितरित किया जाएगा.
अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कोई भी पात्र भूमिहीन परिवार इस अभियान के लाभ से वंचित न रहे.
लोगों में खुशी का माहौल
सरकार की इस पहल से भूमिहीन परिवारों में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि वे वर्षों से जिस जमीन पर रह रहे हैं, उस पर अधिकार का कोई दस्तावेज नहीं था. बासगीत पर्चा मिलने के बाद उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी और भविष्य को लेकर सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार के हजारों शिक्षकों के लिए गुड न्यूज, सरकार ने जारी किए 999.84 करोड़, जल्द होगा बकाया भुगतान
बिहार में ऐसे वाहन मालिक हो जाएं सावधान, शुरू होगा राज्यव्यापी अभियान, एक्शन की तैयारी
