Nawada News : बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निष्पादन के उद्देश्य से बेगूसराय जिले में बुधवार से 'सहयोग शिविर' के दूसरे चरण की शुरुआत की गई. जिला प्रशासन के अनुसार पहले चरण में जिले की सभी 217 पंचायतों में सफलतापूर्वक सहयोग शिविर आयोजित किए गए थे. अब दूसरे चरण के तहत प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों तथा शहरी वार्डों में नियमित रूप से सहयोग शिविर लगाए जाएंगे.
22 पंचायतों में लगाए गए सहयोग शिविर
दूसरे चरण के तहत 5 अगस्त को मटिहानी प्रखंड के रामदीरी-1 एवं रामदीरी-4, बेगूसराय प्रखंड के हैबतपुर एवं मोहनपुर, बरौनी प्रखंड के पिपरा देवस, वीरपुर प्रखंड के नौला, शाम्हो प्रखंड के अकबरपुर बरारी, तेघड़ा प्रखंड के पिढ़ौली, बछवाड़ा प्रखंड के रसीदपुर एवं चिरंजीवीपुर, भगवानपुर प्रखंड के मुख्तियारपुर, मंसूरचक प्रखंड के साठा, बलिया प्रखंड के पोखरिया, साहेबपुर कमाल प्रखंड के सादपुर पश्चिम एवं रहुआ, डंडारी प्रखंड के कटरमाला उत्तरी, चेरियाबरियारपुर प्रखंड के कुंभी, खोदावंदपुर प्रखंड के सागी, छौड़ाही प्रखंड के सहुरी, बखरी प्रखंड के चकहमीद, गढ़पुरा प्रखंड के कोरेय तथा नावकोठी प्रखंड के महेशवाड़ा पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित किए गए. शिविरों में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति में आम नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए गए.
वरीय पदाधिकारियों ने की शिविरों की निगरानी
सहयोग शिविरों के सफल संचालन एवं प्राप्त आवेदनों के प्रभावी निष्पादन के लिए जिला प्रशासन ने प्रत्येक पंचायत में वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की थी. उनकी निगरानी में शिविरों का संचालन किया गया, ताकि प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
Also Read : नवादा: रजौली विद्युत प्रमंडल ने शुरू किए 2 फ्यूज कॉल सेंटर, फोन पर शिकायत दर्ज होते ही होगी कार्रवाई
नगर निगम और नगर परिषद के 27 वार्डों में भी लगे शिविर
जिला प्रशासन की ओर से नगर निगम एवं नगर परिषद के कुल 27 वार्डों में भी सहयोग शिविर आयोजित किए गए. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का विधिवत पंजीकरण किया जाएगा तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. साथ ही प्रत्येक आवेदन पर की गई कार्रवाई की अद्यतन स्थिति विभागीय पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड की जाएगी, जिससे शिकायतों के निस्तारण की सतत निगरानी हो सके.
अधिक से अधिक लोग उठाएं योजना का लाभ : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य शासन-प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे प्रशासनिक, राजस्व एवं विकास संबंधी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित सहयोग शिविरों में पहुंचकर आवेदन दें और इस जनहितकारी पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं.
Also Read : सावन में अनोखी शिवभक्ति: जहानाबाद का 14 वर्षीय विजय स्केटिंग करते हुए देवघर रवाना, काशीचक में भव्य स्वागत
