Weather Report: दिल्ली में बारिश से कई इलाकों में जलजमाव व ट्रैफिक जाम की समस्या, जानें अन्य राज्यों का हाल
Kolkata: People wade through a waterlogged road during rain in Kolkata, Friday, July 30, 2021. (PTI Photo)(PTI07_30_2021_000252A)
Weather Report LIVE 8th August- आईएमडी (IMD Alert) ने कहा कि अगले 5 दिनों में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से भारी वर्षा हो सकती है. दिल्ली में भी रविवार को हल्की बारिश (Delhi Rain) के आसार हैं. झारखंड और बिहार (Jharkhand,UP,Bihar weather) में भारी बारिश होने का अनुमान है.
दिल्ली में बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव और ट्रैफिक जाम की समस्या
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव और ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो गई. दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्विटर के माध्यम से लोगों को शहर के विभिन्न इलाकों में ट्रैफिक जाम से जुड़ी अद्यतन सूचना दी. यातायात पुलिस ने बताया कि राजधानी पार्क मेट्रो स्टेशन से मुंडका की ओर और टिकरी से पीरागढ़ी की ओर जाने वाली दोनों सड़कों पर भारी जलजमाव है.
चंडीगढ़ और हरियाणा-पंजाब के कई इलाकों में भारी बारिश
चंडीगढ़ और इसके आस-पास के इलाकों में रविवार को भारी बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली. चंडीगढ़ के अलावा इसके पड़ोसी पंजाब के मोहाली और हरियाणा के पंचकूला में भी भारी बारिश हुई. बारिश के बाद सड़कों पर कुछ देर तक पानी भरे रहने की वजह से वाहन चालकों को अपने वाहनों की गति धीमी करनी पड़ी. चंडीगढ़ समेत हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे.
पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 11-12 अगस्त के दौरान बारिश की बढ़ सकती है तीव्रता
आईएमडी ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल और सिक्किम के उप हिमालय क्षेत्र में 11-12 अगस्त को बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है, क्योंकि मानसून की निम्न वायुदाब की पट्टी पर्वतों की ओर बढ़ रही है. आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय मोहपात्रा ने कहा कि मानसून के निम्न वायुदाब की पट्टी हिमालय के पर्वतों की ओर बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि इससे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश कम होगी और पहाड़ों पर वर्षा अधिक होगी. उन्होंने कहा कि अगले 24 से 48 घंटे में मानसून की निम्न वायुदाब की पूरी पट्टी हिमालय के पर्वतों की ओर स्थानांतरित हो सकती है.
उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई और गरज के साथ बौछारें पड़ीं. मौसम विभाग की ओर से रविवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य के अलग-अलग स्थानों पर बिजली की चमक और गरज के साथ छींटे पड़े. मौसम विभाग ने नौ अगस्त को राज्य में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है. 10 अगस्त को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि 11 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश स्थानों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों के साथ क्षेत्र में आई बाढ़ से उत्पन्न स्थिती पर समीक्षा बैठक भी की. ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मैंने प्रशासन से कहा है कि एक निगरानी प्रणाली होनी चाहिए, जिससे पता लगे कि कहां मौसम खराब होने वाला है और वहां बांधों की क्या स्थिति है. बाढ़ राहत शिविरों में खान-पान और अनाज पहुंचाने की शुरुआत जल्द होनी चाहिए. मैंने 10 ट्रक रवाना किए हैं.
मध्य प्रदेश में बाढ़ ग्रस्त जिलों में हालात में सुधार
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने रविवार को कहा कि प्रदेश के बाढ़ ग्रस्त जिलों में अब हालात में सुधार है और बाढ़ में फंसे सभी 14,000 लोगों को सुरक्षित बचा कर राहत शिविरों में पहुंचा दिया गया है. उन्होंने कहा कि बाढ़ ग्रस्त जिलों में 237 राहत शिविर बनाएं गए हैं. बताया कि प्रशासन बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद कर रहा है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए