विंग कमांडर अभिनंदन की हुई डीब्रिफिंग, आंख में सूजन के साथ रीढ़ आैर पसली में लगी है चोट

Updated at : 03 Mar 2019 5:53 PM (IST)
विज्ञापन
विंग कमांडर अभिनंदन की हुई डीब्रिफिंग, आंख में सूजन के साथ रीढ़ आैर पसली में लगी है चोट

नयी दिल्ली : विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान से रविवार को सुरक्षा एजेंसियों ने डीब्रीफिंग (सवाल-जवाब) की. वहीं, यहां एक सैन्य अस्पताल में दूसरे दिन भी उनकी चिकित्सकीय जांच की जा रही है. वर्धमान को अटारी-बाघा सीमा से पाकिस्तान से भारत वापस लाने के बाद शुक्रवार देर रात दिल्ली लाया गया था जहां भारतीय वायु सेना […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान से रविवार को सुरक्षा एजेंसियों ने डीब्रीफिंग (सवाल-जवाब) की. वहीं, यहां एक सैन्य अस्पताल में दूसरे दिन भी उनकी चिकित्सकीय जांच की जा रही है. वर्धमान को अटारी-बाघा सीमा से पाकिस्तान से भारत वापस लाने के बाद शुक्रवार देर रात दिल्ली लाया गया था जहां भारतीय वायु सेना के कई वरिष्ठ पायलटों ने उनसे मुलाकात की.

सूत्रों के अनुसार, विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान की रीढ़ की हड्डी के निचले हिस्से और पसली में चोट लगी है. इसके साथ ही एक आंख में सूजन भी है. आर्मी के सैन्य अस्पताल में हुई मेडिकल जांच में यह बात सामने आयी है. सूत्रों के मुताबिक, एमआरआई स्कैन में कोई बग नहीं मिला है, लेकिन रीढ़ के निचले हिस्से में चोट है. माना जा रहा है कि यह चोट उन्हें मिग-21 से अलग होकर पैराशूट से जमीन पर उतरने के दौरान लगी होगी.

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने विंग कमांडर से डीब्रीफिंग की और यह अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी. उनके कई चिकित्सकीय परीक्षण भी किये गये. एक सैन्य अधिकारी ने बताया, यह सुनिश्चित करने की कोशिशें की जा रही हैं कि वह जल्द ही कॉकपिट में लौट आयें. भारतीय हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करनेवाले पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को खदेड़ने के दौरान हवा में हुई लड़ाई के दौरान उनका मिग 21 बाइसन गिर गया था जिसके बाद पाकिस्तानी सेना ने उन्हें पकड़ लिया था. इससे पहले वर्धमान ने पाकिस्तान के एफ-16 विमान को मार गिराया था. विंग कमांडर शुक्रवार रात भारतीय वायु सेना की उड़ान से रात 11 बजकर करीब 45 मिनट पर राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे. वह अटारी-वाघा सीमा से भारत में आने के करीब ढाई घंटे बाद यहां पहुंचे. उन्हें पहले एयर फोर्स सेंट्रल मेडिकल एस्टैबलिशमेंट (एएफसीएमई) ले जाया गया. बाद में उन्हें आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल ले जाया गया.

पाकिस्तान में पकड़े जाने के बाद वर्धमान ने मुश्किल परिस्थितियों से निपटने में साहस का परिचय दिया जिसके लिए नेता, कूटनीतिक मामलों के विशेषज्ञ, पूर्व सैन्य कर्मी, मशहूर हस्तियां और आम जनता उनकी प्रशंसा कर रही है. रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और वायु सेना प्रमुख बीएस धनोआ ने शनिवार को अलग-अलग वर्धमान से मुलाकात की जिस दौरान विंग कमांडर ने उन्हें बताया कि पाकिस्तान ने उन्हें कैद में रखने के दौरान मानसिक रूप से प्रताड़ित किया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola