26.2 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Trending Tags:

Advertisement

UP Election 2022: पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय बीजेपी में शामिल, धर्मपत्नी सीमा हुईं भावुक, कही यह बात

UP Election 2022: बसपा नेता रामवीर उपाध्याय ने शनिवार को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली. इस दौरान उनकी धर्मपत्नी सीमा भावुक हो गई.

UP Election 2022: बहुजन समाज पार्टी के कद्दावर नेता और ब्राह्मणों में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाले पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली. विगत शुक्रवार को उन्होंने बसपा से इस्तीफा दिया था. उनका स्वास्थ्य लंबे समय से खराब चल रहा है जिसकी वजह से भारतीय जनता पार्टी ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने रामवीर उपाध्याय को उनके शास्त्रीपुरम स्थित आवास पर पहुंचकर बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कराई. इस दौरान सैकड़ों की संख्या में समर्थक आवास पर मौजूद रहे.

इस दौरान, रामवीर उपाध्याय को सुनने आए समर्थकों को अपने नेता के ना बोले जाने से मायूसी हाथ लगी, लेकिन वहीं रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय समर्थकों को संबोधित करते हुए कई बार भावुक भी हो गई. इस दौरान फोन पर उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने लोगों को संबोधित किया.

Also Read: UP Election 2022: सपा-रालोद की पहली लिस्ट जारी, आगरा मंडल से आठ प्रत्याशी घोषित

बता दें, काफी लंबे समय से रामवीर उपाध्याय के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रहीं थी, लेकिन हर बार लोगों के अनुमान फेल होते नजर आ रहे थे. कुछ समय पहले ही रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय और बेटे चिराग उपाध्याय ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की थी, जिसके बाद सीमा उपाध्याय बीजेपी से हाथरस की जिला पंचायत अध्यक्ष बन गईं.

Also Read: UP Election 2022: यूपी में प्रचंड बहुमत से बनेगी बीजेपी सरकार, गोरखपुर से टिकट मिलने पर बोले सीएम योगी

विगत शुक्रवार को रामवीर उपाध्याय ने सोशल मीडिया पर बसपा से इस्तीफा देने की घोषणा की, जिसके बाद फिर से अटकलें लगने लगी कि रामवीर उपाध्याय भाजपा ज्वाइन कर रहे हैं. वहीं, उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने समर्थकों से अपील की कि वे शनिवार को करीब 12 बजे उनके आवास पर ज्यादा से ज्यादा संख्या में मौजूद रहे. इसके बाद सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता रामवीर उपाध्याय के आवास पर पहुंचने लगे.

करीब 1 बजे रामवीर उपाध्याय अपने बेटे चिराग उपाध्याय और पत्नी सीमा उपाध्याय के साथ व्हीलचेयर पर बाहर आए, जिसके बाद समर्थकों ने उन्हें देखते ही जमकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद रामवीर उपाध्याय ने हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया.

रामवीर उपाध्याय के बाहर आने के बाद साथ में मौजूद ब्रज क्षेत्र मंत्री रजनीकांत माहेश्वरी ने साफा पहनाकर रामवीर उपाध्याय को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कराई. इस दौरान मौके पर मौजूद रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय भावुक दिखाई दी. उनकी आंखों से आंसू निकलने लगे, जिसके बाद रजनीकांत माहेश्वरी ने समर्थकों को संबोधित किया.

Also Read: UP Chunav 2022: केशव मौर्या सिराथू से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, BJP ने लगाई मुहर

रामवीर उपाध्याय की धर्मपत्नी सीमा उपाध्याय ने लोगों को संबोधित किया और कहा कि एक छोटे से मैसेज के बाद आप सभी लोग इतनी बड़ी संख्या में मेरे घर पर आए हैं, जिसके लिए मैं आप सभी का हार्दिक अभिनंदन करती हूं. वहीं बीजेपी में रामवीर उपाध्याय जी भी अब शामिल हो गए हैं. ऐसे में हर कार्यकर्ता अपने आप को रामवीर उपाध्याय समझे और घर-घर जाकर लोगों से 2022 में भारतीय जनता पार्टी को वोट देने और सरकार बनाने का निवेदन करे. इस दौरान कई बार सीमा उपाध्याय भावुक हो गईं.

ब्रज क्षेत्र मंत्री रजनीकांत माहेश्वरी ने बताया कि रामवीर उपाध्याय के पार्टी में शामिल होने से पार्टी को बल मिलेगा. क्षेत्र की जनता उनके साथ-साथ पार्टी से भी जुड़ेगी. यह सदस्यता अभियान सिर्फ रामवीर उपाध्याय का नहीं, बल्कि उनके समर्थकों उनके रिश्तेदारों व उनसे जुड़े हुए उन सभी लोगों का है, जो बीजेपी में अपनी आस्था जताते हैं. इनके पार्टी में जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी. साथ ही समाज में नई लकीर खिंचेगी.

Also Read: UP BJP Candidate List: सीएम योगी और केशव मौर्य सहित 107 के टिकट की घोषणा, 20 MLA के टिकट कटे…

रामवीर उपाध्याय के भारतीय जनता पार्टी में सदस्यता लेने के दौरान फोन द्वारा डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने लोगों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि रामवीर उपाध्याय के बीजेपी में जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी. साथ ही समाज को एक नई दिशा भी मिलेगी. उन्होंने उपाध्याय परिवार को बीजेपी में शामिल होने पर बधाई भी दी और रामवीर उपाध्याय के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की.

रिपोर्ट- राघवेंंद्र सिंह गहलोत, आगरा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें