बेटी की शादी के लिए भी बैंक ने नहीं दिये पैसे

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 03 Dec 2016 1:33 AM

विज्ञापन

मालदा: केन्द्र सरकार द्वारा 500 तथा 1000 रुपये के नोट बंद कर दिये जाने के बाद से अब तक करीब तीन सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन आम लोगों की परेशानी अब तक दूर नहीं हुई है. केन्द्र सरकार ने शादी-ब्याह के लिए ब्याह का कार्ड दिखाने पर ढाई लाख रुपये निकालने […]

विज्ञापन
मालदा: केन्द्र सरकार द्वारा 500 तथा 1000 रुपये के नोट बंद कर दिये जाने के बाद से अब तक करीब तीन सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन आम लोगों की परेशानी अब तक दूर नहीं हुई है. केन्द्र सरकार ने शादी-ब्याह के लिए ब्याह का कार्ड दिखाने पर ढाई लाख रुपये निकालने की छूट दी थी. आरोप है कि मालदा में बैंक वाले केन्द्र सरकार के इस निर्देश का पालन नहीं कर रहे हैं. इसी प्रकार की एक घटना को लेकर शहर के यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य ब्रांच में उत्तेजना की स्थिति पैदा हो गई.

आरोप है कि बैंक वालों ने पैसे तो नहीं दिये, उल्टे ग्राहक के साथ दुर्व्यवहार किया. बैंक का एटीएम भी पहले से बंद है. उसके बाद ग्राहकों का गुस्सा भड़क गया. भारी संख्या में ग्राहकों ने बैंक में जमकर हंगामा मचाया. ग्राहकों ने कई बैंक कर्मियों के खिलाफ इंगलिश बाजार थाने में शिकायत भी दर्ज करायी है. घटना की शुरूआत शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे हुई. बेटी की शादी के लिए अमल डोम अपनी पत्नी टूलु डोम को लेकर पैसे उठाने के लिए यूनाइटेड बैंक की शाखा में आये थे. बेटी की शादी 9 दिसंबर को है.

शुक्रवार को ही तिलक है. जब दोनों पैसे उठाने के लिए बैंक में आये तो बता दिया गया कि 10 हजार रुपये से अधिक नहीं मिलेंगे. यह दोनों शादी के कार्ड के साथ ही विवाह में खर्च होने वाली राशि का हिसाब-किताब भी लेकर गये थे. दोनों पति-पत्नी काफी देर तक ढाई लाख रुपये निकालने की अनुमति देने के लिए बैंक मैनेजर से हाथ जोड़कर मिन्नतें करते रहे. इन दोनों ने बताया कि यदि पैसे नहीं मिले तो बेटी की शादी नहीं हो सकेगी. दोनों का कहना है कि बैंक मैनेजर मधुसुदन महापात्र ने एक नहीं सुनी. उल्टे दुर्व्यवहार किया. उस समय बैंक में मौजूद अन्य ग्राहकों ने भी मैनेजर का विरोध किया. सभी लोग अमल डोम के साथ खड़े हो गये. ग्राहकों का कहना था कि दोनों दंपति गलत कुछ भी नहीं बोल रहे हैं.

केन्द्र सरकार ने ही शादी का कार्ड दिखाने पर ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की है. जब सरकार ने यह निर्देश दिया है तो बैंक वाले इसका पालन क्यों नहीं कर रहे हैं. एक अन्य ग्राहक ने मैनेजर से बैंक के पास ही स्थित एटीएम के बंद होने पर भी सवाल उठाया. उसके साथ ही कहा-सुनी बढ़ गई. ग्राहकों ने बैंक के अंदर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. बैंक के कर्मचारी भी भड़क गये. सभी लोग काम-काज छोड़कर ग्राहकों के साथ बहस करने में लग गये. घटना की जानकारी मीडिया को मिली तो सभी लोग खबर करने के लिए मौके पर पहुंचे. बैंक कर्मचारियों ने मीडिया वालों को भी गेट पर रोक दिया. इस मामले में बैंक मैनेजर मधुसुदन महापात्र ने बताया है कि जब पैसा ही नहीं है, तो वह कहां से पैसा देंगे. फिर भी वह 10 हजार रुपये के पुराने 100-100 के नोट दे रहे हैं. नया रुपया बैंक के पास आया ही नहीं है. 2000 रुपये के कुछ नोट जरूर आये हैं.

500 तथा 100 रुपये का नोट बैंक के पास है ही नहीं. वह इस मामले में कुछ भी नहीं कर सकते. दूसरी तरफ कन्या के पिता अमल डोम का कहना है कि वह बैंक से अपना ही पैसा नहीं निकाल पा रहे हैं. बेटी की शादी के लिए हालांकि उन्होंने पिछले महीने बैंक से पैसा निकाल लिया था.

बाद में सरकार ने 500 तथा 1000 रुपये के नोट बंद कर देने की घोषणा की. पहले 1000 तथा 500 रुपये के रूप में जो नोट निकाले थे उसे फिर से बैंक में जमा करना पड़ा. आज शुक्रवार को वर को तिलक देने के लिए फरक्का जाना है. इसी वजह से वह लोग पैसे निकालने आये हैं. बैंक वालों ने पैसे तो नहीं दिये, उल्टे दुर्व्यवहार किया. इस मामले को लेकर इंगलिश बाजार थाने के साथ-साथ जिला अधिकारी के यहां भी शिकायत दर्ज करायी गई है. जिला अधिकारी शरद द्विवेदी ने कहा है कि अभी उन्हें शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर जांच की जायेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola