शांति के लिए मानवता को समझें : बिशप
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 13 Sep 2017 11:25 AM
सिमडेगा: बानाबिरा पल्ली परिसर में फादर इग्नासियुस बाड़ा का 13वां शहादत दिवस मनाया गया. इस अवसर पर मिस्सा अनुष्ठान सहित कई धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराये गये. मुख्य अनुष्ठाता के रूप में राउरकेला धर्मप्रांत के पूर्व धर्माध्यक्ष बिशप तेलेस्फोर बिलुंग उपस्थित थे. कार्यक्रम में सिमडेगा धर्मप्रांत के बिशप विंसेंट बरवा, गुमला धर्मप्रांत के बिशप पौल लकड़ा […]
बिशप बिलुंग ने मिस्सा अनुष्ठान संपन्न कराया. उनका सहयोग बिशप हजारीबाग के धर्माध्यक्ष बिशप आनंद जोजो, सिमडेगा के बिशप विंसेंट बरवा एवं गुमला के बिशप पौल ने किया. मिस्सा अनुष्ठान से पूर्व रोजरी, माला व प्रार्थना की गयी. मौके पर फादर इग्नासियुस बाड़ा के कब्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी. उनकी जीवनी पर प्रकाश डाला गया.
मिस्सा अनुष्ठान के दौरान अपने प्रवचन में बिशप बिलुंग ने कहा कि फादर इग्नासियुस बाड़ा का शहादत ख्रिस्तीय एकता को जोड़ता है. उनकी शहादत बेकार नहीं जायेगी. उन्होंने कहा कि जीवन में शांति के लिए मानवता को समझें. ख्रीस्तीय जीवन में अपने आप को ढालें. जीवन में शांति का अभाव है. ख्रीस्तीय जीवन की शुरुआत बपतिस्मा से होती है और मानवता सहिष्णुता से प्राप्त होती है. उन्होंने कहा कि जीवन में तोड़ने का काम नहीं करें, बल्कि भेदभाव छोड़ कर मेल मिलाप के साथ जीवन व्यतीत करें. स्वार्थी नहीं बनें, दूसरों की भलाई के बारे में भी सोचें. बिशप बिलुंग ने कहा कि आत्म त्याग द्वारा हम कलीसियाई जीवन, सामाजिक जीवन एवं मसीही जीवन व्यतीत कर कृपा प्राप्त करें. अपने जीवन में यीशु मसीह को जगह दें. हमारा जीवन सृष्टिकर्ता ईश्वर पर निहित है. ख्रीस्तीय जीवन प्रेम व सेवा का जीवन है. प्रार्थना के माध्यम से ईश्वर से जुड़ें. मिस्सा गीत संचालन फादर दामासियुस खेस ,फादर क्लमेंट लकड़ा व ब्रदर संजय टोप्पो की अगुवाई में माइनर सेमिनरी काटुकोना के ब्रदर्स व बानाबिरा के छात्र-छात्राओं ने किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










