बरहरवा : भारतीय जनता पार्टी बरहरवा नगर इकाई की मासिक बैठक मंगलवार को नगर अध्यक्ष रविंद्र भगत की अध्यक्षता में शहर स्थित होटल आरबी पैलेस में आयोजित हुई. बैठक में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर
बैठक के दौरान नगर क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों को बढ़ाने, कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया. नगर अध्यक्ष रविंद्र भगत ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन हित में कार्य करने की अपील की. उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है.
आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिए दिशा-निर्देश
बैठक में आगामी कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. वरिष्ठ नेता श्यामल दास ने कार्यकर्ताओं को संगठन के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की बात कही.
कार्यकर्ताओं ने रखे अपने सुझाव
बैठक में पार्टी के विभिन्न मुद्दों एवं स्थानीय स्तर पर संगठन को प्रभावी बनाने को लेकर कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव भी रखे.
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
मौके पर वरिष्ठ नेता ललिता पासवान, प्रदीप भगत, मंजु देवी समेत भाजपा के कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद थे. बैठक का समापन संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ.
