रांची से प्रणव की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला खेलगांव थाना क्षेत्र के न्यू खटंगा का है, जहां मेधा डेयरी के एक कर्मचारी के घर से चोरों ने 15,000 की नकदी समेत करीब 25 लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
नैनीताल घूमने गया था पूरा परिवार
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, खेलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम न्यू खटंगा, पोस्ट सुगनु निवासी अनीश कुमार भारती मेधा डेयरी में कार्यरत हैं. अनीश कुमार अपने परिवार के साथ कुछ दिनों के लिए नैनीताल घूमने गए हुए थे. घर बंद होने के कारण उन्होंने मोहल्ले के एक दुकानदार को घर की देखरेख और रात में घर पर सोने की जिम्मेदारी सौंपी थी. परिवार के बाहर रहने के दौरान चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया और वारदात को अंजाम दिया.
ताला तोड़कर घर में घुसे चोर
पीड़ित परिवार जब नैनीताल से वापस लौटा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला. जांच करने पर पता चला कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ था. घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से नकदी तथा जेवरात गायब थे. अनीश कुमार भारती के अनुसार, चोर घर से लगभग 15,000 रुपये नकद और करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए. चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार के होश उड़ गए.
दुकानदार ने बताई यह बात
जिस दुकानदार को घर की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई थी, उसका कहना है कि घटना वाली रात वह किसी कारणवश घर में सोने नहीं गया था. ऐसे में चोरों को वारदात को अंजाम देने का मौका मिल गया. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: रांची के बूटी मोड़ में 150 दुकानदारों को मिलेगा स्थायी ठिकाना, 86 लाख से बनेगा वेंडिंग जोन
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद खेलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी में शामिल अपराधियों का पता लगाने के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा भी पुलिस ने किया है.
इसे भी पढ़ें: नशे के कारोबार पर कुंदा पुलिस का प्रहार, 11.5 लाख के अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
