रांची : रांची नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गयी. शनिवार को नगर आयुक्त प्रशांत कुमार ने हड़ताल पर गये सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक की. बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि अनुकंपा के आधार पर बहाली को लेकर सरकार से मार्गदर्शन मांगा गया है. जब तक सरकार से ठोस दिशा-निर्देश नहीं आ जाता है,वे इसमें कुछ नहीं कर सकते हैं.
आयुक्त ने कर्मचारियों से कहा कि नगर निगम ऐसे आश्रितों को कॉन्ट्रैक्ट पर काम में रखेगा. आयुक्त की बातों को सुनने के बाद संघ के सदस्य हड़ताल वापस लेने पर सहमत हो गये. मौके पर सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दयानंद यादव ने हड़ताल को खत्म करने की घोषणा की.
नगर आयुक्त के साथ हुई वार्ता में जहां सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा कर दी. वहीं रांची नगर निगम कर्मचारी संघ द्वारा हड़ताल को जारी रखा गया है. संघ के अध्यक्ष नरेश राम ने कहा कि वार्ता में कई बातें स्पष्ट नहीं थी. इसलिए अब सोमवार को नगर आयुक्त के साथ वार्ता होगी.
शनिवार को कई सड़कों से नहीं उठा कचरा
शनिवार को दिन भर कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से रांची नगर निगम के कचरा उठाने वाले वाहन से लेकर पानी के टैंकर बकरी बाजार स्टोर में खड़े रहे. वाहनाें के खड़े रहने के कारण शहर के सर्कुलर रोड, बरियातू रोड, एचबी रोड सहित अन्य मार्गों में कूड़े का ढेर लगा रहा.