रांची : डीएवी पब्लिक स्कूल बरियातु में बुधवार को पूर्वी भारत में डीएवी पब्लिक स्कूल्स के संस्थापक एनडी ग्रोवर की जयंती मनायी गयी. कार्यक्रम में डीएवी पब्लिक स्कूल्स, रांची के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने हवन किया. हवन जन-कल्याण एवं राष्ट्र-कल्याण की भावना को आत्मसात कर किया गया. हवन आर्य समाजी वासुदेव दत्त शास्त्री द्वारा कराया गया.
हवन के बाद प्राचार्य वी.के. सिंह ने कहा कि जिस प्रकार विद्युत चुम्बकीय तरंगे ब्रह्माण्ड में चारों ओर फैली हैं, उसी प्रकार चैतन्य रूपी तरंगे मनुष्य के कण-कण में विद्यमान है. उन चैतन्य शक्तियों के प्रति जो सचेत रहता है वह ही महान आत्मा कहलाता है. ग्रोवर साहब आज हमारे बीच सशरीर न होते हुए भी प्रत्येक डीएवीयन में मौजूद हैं. वह इसलिए कि उन्होंने मूल्यपरक शिक्षा हेतु बालिकाओं की शिक्षा हेतु एवं दूरस्थ ग्रामीणों एवं आदिवासियों की शिक्षा हेतु कोने-कोने में डीएवी स्कूल्स की स्थापना की. उन्होंने समाजोत्थान हेतु अपना जीवन सादा एवं उच्च विचारों से युक्त जिया.
कार्यक्रम में सहायक क्षेत्रीय निदेशक, डीएवी स्कूल्स, जोन बी एमके सिन्हा, अध्यक्ष, डीएवी, बरियातु सुशीला गुप्ता, शत्रुघ्न लाल गुप्ता, आर्य समाज के सचिव अजय आर्या, डीएवी हेहल के अध्यक्ष पीपी आर्या, डीएवी पुंदाग की प्राचार्य तनुजा पाणिग्रही, डीएवी नीरजा सहाय के प्राचार्य एस के मिश्रा, डीएवी सिल्ली के प्राचार्य एके मिश्रा, डीएवी हजारीबाग के प्राचार्य अशोक श्रीवास्तव, डीएवी बरही के प्राचार्य एके सिंह, डीएवी चिरिया के प्राचार्य एसके झा, डीएवी गुमला के प्राचार्य बीएल महतो, डीएवी कडरु के प्राचार्य आरबी शर्मा, वाईबीएन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ सलिल कुमार राय सहित छात्र छात्राएं मौजूद थे.