रांची : प्रदेश भाजपा की ओर से चलाये गये अभियान पंडित दीन दयाल कार्य विस्तार योजना की समीक्षा 22-23 जून को होगी. भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह योजना की समीक्षा को लेकर 21 जून को रांची पहुंचेंगे. श्री सिंह प्रदेश के पदाधिकारियों व अभियान में शामिल नेताओं से जानकारी लेंगे. भाजपा के […]
रांची : प्रदेश भाजपा की ओर से चलाये गये अभियान पंडित दीन दयाल कार्य विस्तार योजना की समीक्षा 22-23 जून को होगी. भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह योजना की समीक्षा को लेकर 21 जून को रांची पहुंचेंगे. श्री सिंह प्रदेश के पदाधिकारियों व अभियान में शामिल नेताओं से जानकारी लेंगे.
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेश भाजपा की ओर से पूरे राज्य में एक से 15 जून तक पंडित दीन दयाल उपाध्याय कार्य विस्तार योजना चलायी गयी. इसके तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य के 60 लाख घरों में पहुंचने का लक्ष्य तय किया था. सभी घरों में पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जीवनी पर तैयार की गयी पुस्तिका पहुंचानी थी. पार्टी के बड़े से छोटे नेताओं को बूथों पर प्रवास कर सदस्यता अभियान चलाना था.
15 दिनों के अंदर एक बूथ पर सदस्यता अभियान चला कर मोबाइल के माध्यम से लोगों को पार्टी से जोड़ना का लक्ष्य दिया गया था. साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताना था. इसके लिए अलग से बूथों पर अल्पकालिक प्रवासी कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारी सौंपी गयी थी. जानकारी के अनुसार, कई जिलों में इस अभियान की महज खानापूर्ति हुई है. रांची महानगर के कई मोहल्लों में भाजपा कार्यकर्ता पहुंच नहीं पाये हैं. इस संबंध में पदाधिकारियों का कहना है कि मोदी फेस्ट व पार्टी के अन्य कार्यक्रमों की वजह से इस अभियान में कुछ व्यवधान आया. यह अभियान अब भी जारी है.
दो माह के अंदर तीन राष्ट्रीय पदाधिकारियों का झारखंड दौरा
झारखंड में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने व संगठन का हाल जानने के लिए दो माह के अंदर भाजपा के तीन राष्ट्रीय पदाधिकारियों का दौरा हो रहा है. भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय चार और पांच मई को झारखंड दौरे पर आयी थीं. उन्होंने चार मई को राजधानी में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन के बारे में जानकारी ली थी. साथ ही गुमला में पार्टी की ओर आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था. इधर, राष्ट्रीय महासचिव राम माधव 17-18 जून को झारखंड दौरे पर थे. अब भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह रांची आ रहे हैं.