रांची: माओवादी संगठन को एक और बड़ा झटका लगा है. सेंट्रल कमेटी सदस्य और एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली असीम मंडल उर्फ आकाश अपने पांच सहयोगियों के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र छोड़कर पश्चिम बंगाल चला गया है. खुफिया सूत्रों के अनुसार, सारंडा में बड़ी संख्या में तैनात सुरक्षा बलों की कार्रवाई के दबाव के बीच असीम मंडल ने 700 सीरियल पहाड़ियों और घने जंगलों का लाभ उठाकर क्षेत्र से निकलने में सफलता हासिल की. असीम मंडल के साथ रीजनल कमेटी सदस्य चारण उर्फ मदन महतो, जोनल कमांडर मिता उर्फ नयनतारा, सबजोनल कमांडर मंगल सिंह सरदार उर्फ पांडू, सबजोनल कमांडर गौरी उर्फ बुलू और एरिया कमांडर मालती मलूटी भी पश्चिम बंगाल चले गए हैं. इन छह नक्सलियों पर कुल 1.37 करोड़ रुपये का इनाम घोषित है.
पश्चिम बंगाल में सरेंडर की तैयारी की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, असीम मंडल और उसके सहयोगी पश्चिम बंगाल में आत्मसमर्पण की तैयारी में हैं. जानकारी मिलने के बाद झारखंड पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस से संपर्क किया है. हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
सारंडा में अब सिर्फ तीन नक्सली सक्रिय
सूत्रों के मुताबिक, असीम मंडल के जाने के बाद अब सारंडा क्षेत्र में 10 लाख रुपये के इनामी जोनल कमांडर सालुका कायम समेत केवल तीन नक्सली सक्रिय बचे हैं. सालुका पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र के कुदाबुरू कायमसायी गांव का निवासी बताया जाता है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इससे सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में माओवादी नेटवर्क काफी कमजोर हुआ है.
पहले मिसिर बेसरा के साथ हुआ था विलय
जानकारी के अनुसार, तमाड़-कुचई ट्राई जंक्शन क्षेत्र में माओवादी नेटवर्क कमजोर पड़ने के बाद मिसिर बेसरा का दस्ता सारंडा पहुंचा था. वहीं घाटशिला क्षेत्र में सक्रिय असीम मंडल का गुट भी सुरक्षा बलों के बढ़ते दबाव के कारण सारंडा आकर मिसिर बेसरा के संगठन के साथ मिल गया था. दोनों गुट कुछ समय तक संयुक्त रूप से सक्रिय रहे, लेकिन मई 2026 में अलग हो गए थे. उल्लेखनीय है कि तीन दिन पहले एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा, मोछू और गौरव को धनबाद से गिरफ्तार किया गया था.
पश्चिम बंगाल भागे छह नक्सली और उन पर घोषित इनाम
| नक्सली | घोषित इनाम |
| असीम मंडल उर्फ आकाश (पश्चिम मिदनापुर) | ₹1 करोड़ |
| चारण उर्फ मदन महतो (पश्चिम मिदनापुर) | ₹15 लाख |
| मिता उर्फ नयनतारा (पुरुलिया) | ₹10 लाख |
| मंगल सिंह सरदार उर्फ पांडू (झारग्राम) | ₹5 लाख |
| गौरी उर्फ बुलू (पश्चिम मिदनापुर) | ₹5 लाख |
| मालती मलूटी (बेलपहाड़ी, झारग्राम) | ₹2 लाख |
ये भी पढ़ें...
JPSC Students Protest: रांची में लंबा खिंचेगा आंदोलन, छात्रों को मिल गया नया मंच
साइबर ठगों के निशाने पर लोहरदगा डीसी, फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाकर भेजे जा रहे भ्रामक संदेश
