भाई-बहन के प्यार से सराबोर हुआ रामगढ़, राखी-मिठाई से सजे बाजार, मंदिरों में उमड़ी भीड़

रामगढ़ में रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाईयों की कलाई पर बांधी राखी, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़।

रामगढ़: श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को रामगढ़ शहर और आसपास के क्षेत्रों में रक्षाबंधन का पर्व श्रद्धा, भक्ति, प्रेम और उल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा. बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों की कलाई पर राखी बांधी, आरती उतारी और तिलक लगाकर उनके सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की. भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके सुख-दुख में साथ निभाने, रक्षा और सम्मान का संकल्प लिया.

रक्षाबंधन को लेकर शहर के बाजारों में भी दिनभर चहल-पहल रही. पर्व से एक दिन पहले ही राखी, मिठाई, फल और पूजा सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी. रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियों से सजे बाजार लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे. बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा गया. शुक्रवार की सुबह से ही मिठाई की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की कतार लगी रही.

भाई-बहन के मिलन को लेकर दिनभर जारी रहा आवागमन

रक्षाबंधन पर भाई-बहन के मिलन का सिलसिला सुबह से शाम तक जारी रहा. भाई अपनी बहनों से राखी बंधवाने के लिए टेंपो, टोटो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों से उनके घरों की ओर जाते दिखे. वहीं, बहनें भी मायके और भाइयों के घर पहुंचकर उनकी कलाई पर राखी बांधती नजर आयीं. शहर की सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक आवाजाही देखने को मिली.

दूर रहने वाले भाई-बहनों ने भी रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं. कई बहनों ने डाक और अन्य माध्यमों से भाइयों को राखी भेजकर शुभकामनाएं दीं. वहीं, दूर-दराज से भाई-बहनों के घर पहुंचने के बाद कई परिवारों में मिलन और उत्सव का माहौल बना रहा.

यह भी पढ़ें: झारखंड आंदोलनकारियों की मांगों को लेकर मंत्री इरफान अंसारी से मिले महमूद आलम, सम्मान और अधिकार का मुद्दा उठाया 

मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

श्रावण पूर्णिमा के कारण शहर के विभिन्न मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही. लोगों ने भगवान की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था.

कैथा स्थित श्री श्री जगन्नाथ मंदिर में रक्षाबंधन और श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना की गयी और भगवान का आकर्षक शृंगार किया गया. भगवान को महाभोग अर्पित करने के बाद महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया. इसमें रामगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.

दिनभर बनी रही पर्व की खुशियां

रक्षाबंधन को लेकर पूरे रामगढ़ शहर में दिनभर उत्सव और उमंग का माहौल रहा. घरों में पूजा-अर्चना, राखी बांधने और मिठाई खिलाने का दौर चलता रहा. बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, तो भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर अपने स्नेह का इजहार किया. भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन पूरे शहर में पारिवारिक आत्मीयता और खुशियों के साथ मनाया गया.

यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर सजे बलसगरा के बाजार, कार्टून से लेकर रुद्राक्ष और चंदन वाली राखियों ने खींचा ध्यान 


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay sukla

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >