पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu News: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि झारखंड के विकास, सुशासन और व्यवस्था परिवर्तन के लिए युवाओं के एक नए उलगुलान की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि युवा और छात्र ही किसी राज्य और देश की दिशा तथा दशा बदलने की क्षमता रखते हैं. अलग झारखंड राज्य के निर्माण में भी युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही थी. अब एक बार फिर राज्य को नई दिशा देने के लिए युवाओं को आगे आने की जरूरत है.
प्रमंडलस्तरीय युवा सम्मेलन में शामिल हुए सुदेश महतो
सुदेश महतो पलामू के मेदिनीनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर भवन में आयोजित प्रमंडलस्तरीय युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय अध्यक्ष ने किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता राहुल मिश्रा ने की, जबकि संचालन अभिषेक राज ने किया. सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे. कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्रीय अध्यक्ष का माला पहनाकर स्वागत करने के साथ हुई. पूरे आयोजन के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
झारखंड की राजनीति को चाहिए नया नेतृत्व
अपने संबोधन में सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की राजनीति वर्तमान समय में कुशल नेतृत्व की तलाश कर रही है. राज्य के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए नई सोच, नई ऊर्जा और नई नेतृत्व क्षमता की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी युवाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इसी उद्देश्य से वह पलामू आए हैं ताकि नई पीढ़ी को संगठन से जोड़कर उन्हें सामाजिक और राजनीतिक जिम्मेदारियों के लिए तैयार किया जा सके. सुदेश महतो ने कहा कि केवल बदलाव की बात करने से परिवर्तन नहीं आएगा, बल्कि उसके लिए व्यवहार और कार्यशैली में भी बदलाव लाना होगा. युवाओं को अपनी सोच के अनुरूप समाज और राज्य के हित में सक्रिय भूमिका निभानी होगी.
सरकार पर साधा निशाना
सम्मेलन के दौरान सुदेश महतो ने राज्य सरकार की कार्यशैली और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार को शिष्टाचार बना दिया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था कमजोर होती जा रही है और नौकरशाह जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं रह गए हैं. बिना चढ़ावा के लोगों के काम नहीं हो रहे हैं और जनसेवा की भावना लगातार कमजोर पड़ती जा रही है. पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो झारखंड की पहचान देश के सबसे भ्रष्ट राज्यों में होने लगेगी, जो राज्य के विकास और भविष्य के लिए चिंता का विषय है.
युवाओं से जन मुद्दों की लड़ाई तेज करने का आह्वान
सुदेश महतो ने कहा कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, शिक्षा और विकास जैसे जन मुद्दों पर युवाओं को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा. उन्होंने कहा कि राज्य के भविष्य को बेहतर बनाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे समाज और राज्य के हित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें. उनके अनुसार, झारखंड के उज्ज्वल भविष्य की नींव युवा शक्ति ही रख सकती है.
झारखंड की दशा और दिशा बदलने का संकल्प
सम्मेलन में मौजूद पार्टी नेताओं ने भी युवाओं को संगठित होने और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, उमेश भोक्ता, विनोद कुमार, राजेंद्र राम, शिवशंकर प्रसाद और चंद्रशेखर सिंह छोटू सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे. नेताओं ने कहा कि आजसू पार्टी ने अलग झारखंड राज्य के निर्माण के लिए लंबा आंदोलन किया था और अब पार्टी राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने युवाओं को संगठन की ताकत बढ़ाने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का संदेश दिया.
इसे भी पढ़ें: सुदेश महतो ने नामधारी से मिलने के लिए घुमाया काफिला, पुराने दिनों को याद कर भावुक हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष
बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता
कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष तुलसी शुक्ला, बिकेश शुक्ला, विजय मेहता, इम्तेयाज अहमद नजमी, बबलू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे. सम्मेलन के माध्यम से आजसू पार्टी ने पलामू प्रमंडल के युवाओं में राजनीतिक चेतना जागृत करने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का संदेश दिया. सम्मेलन के दौरान युवाओं की भागीदारी और उत्साह ने यह संकेत दिया कि आने वाले समय में क्षेत्रीय राजनीति में युवा नेतृत्व की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो सकती है.
इसे भी पढ़ें: हंटरगंज में कास्ट और रेजिडेंशियल सर्टिफिकेट बनवाने में छूट रहे पसीने, साल भर में भी नहीं होता काम
