Bank Strike: सितंबर में 4 दिन बैंक हड़ताल, शनिवार-रविवार की छुट्टियों से भी प्रभावित रहेंगी सेवाएं

सितंबर महीने में बैंक हड़ताल और साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंकिंग सेवाएं 8 दिन प्रभावित रहेंगी. ग्राहकों को जरूरी काम समय रहते निपटाने की सलाह दी गई है.

झुमरीतिलैया: सितंबर महीने में प्रस्तावित बैंक हड़ताल और साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंकिंग सेवाएं कई दिनों तक प्रभावित रह सकती हैं. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) ने विभिन्न मांगों को लेकर 11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है. इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है.

हड़ताल और नियमित अवकाश के कारण कोडरमा जिले की बैंक शाखाओं में ग्राहकों को लेन-देन, जमा-निकासी, चेक निपटान समेत अन्य बैंकिंग कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल

यूएफबीयू के आह्वान पर बैंक अधिकारी और कर्मचारी 11 सितंबर को हड़ताल पर रहेंगे. बैंककर्मी मुख्य रूप से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने, सभी संवर्गों में समान लाभ आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं.

यूनियन नेताओं ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को आगे और तेज करने की चेतावनी दी है.

यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC-CGL परीक्षा में गड़बड़ी का विरोध, गोला में 8 सितंबर को AJSU पार्टी करेगी पुतला दहन

28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल

यूएफबीयू के अनुसार, 11 सितंबर की हड़ताल के बाद भी मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल की जायेगी. इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गयीं, तो 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गयी है.

शनिवार-रविवार के अवकाश से भी प्रभावित होंगी सेवाएं

सितंबर में हड़ताल के अलावा नियमित साप्ताहिक अवकाश के कारण भी बैंक बंद रहेंगे. 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार है. वहीं 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार का अवकाश रहेगा.

ऐसे में हड़ताल और लगातार पड़ने वाले साप्ताहिक अवकाश के कारण बैंकिंग सेवाएं कई दिनों तक प्रभावित होने की संभावना है. ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लेने की सलाह दी जा रही है.

यह भी पढ़ें: रांची के कांटाटोली में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों पक्षों में मारपीट; FIR दर्ज

पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग

बैंक कर्मचारी लंबे समय से सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि बैंकिंग क्षेत्र में भी अन्य वित्तीय क्षेत्रों की तरह सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन अवकाश की व्यवस्था होनी चाहिए.

वर्तमान व्यवस्था के तहत महीने के पहले और तीसरे शनिवार को बैंक खुले रहते हैं, जबकि दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है.

राइट-टू-डिस्कनेक्ट की भी मांग

बैंककर्मी कार्यालय समय समाप्त होने के बाद काम से संबंधित फोन, ई-मेल और संदेशों का जवाब देने से राहत देने की मांग भी कर रहे हैं. यूनियन से जुड़े कर्मियों का कहना है कि राइट-टू-डिस्कनेक्ट लागू होने से कर्मचारियों को काम और निजी जीवन के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद मिलेगी.

यह भी पढ़ें: खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में सड़क पर उतरेगा JMM, गोला में 7 सितंबर को धरना-प्रदर्शन 

सात बैंक संगठन आंदोलन में शामिल

देशव्यापी आंदोलन में यूएफबीयू के तहत एआईबीईए, एआईबीओसी, एनसीबीई, एआईबीओए, बेफी, इनबेफ और इनबोक समेत सात बैंक संगठन शामिल हैं.

हड़ताल और अवकाश को देखते हुए ग्राहकों को नकद निकासी, जमा, चेक जमा करने और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य समय रहते निपटा लेने की सलाह दी जा रही है.

यह भी पढ़ें: गैंगस्टर अमन श्रीवास्तव को SC से राहत, जमानत के खिलाफ झारखंड सरकार की याचिका खारिज

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >