पटमदा. कमलपुर थाना क्षेत्र के बांगुड़दा पुलिया में मंगलवार देर रात पुरुलिया से जमशेदपुर जा रहा एक खाली ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया की रेलिंग से टकरा गया. चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ, जिससे बराभूम-बांदवान सड़क पर वाहनों का आवागमन घंटों बाधित रहा. सूचना मिलने पर कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार और अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम कुमार राय मौके पर पहुंचे. हादसे में चालक सुरक्षित रहा. इसके बाद बुधवार सुबह जमशेदपुर से क्रेन मंगाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को पुलिया से हटाया गया.
ठनठनी घाटी में दो गिट्टी लदे हाइवा आपस में टकराएं
वहीं दूसरी ओर, पटमदा के ठनठनी घाटी में भी मंगलवार देर रात गिट्टी लदे दो हाइवा आपस में टकरा गये. इस घटना में भी दोनों वाहनों के चालक बाल-बाल बच गये. इसके बाद बुधवार सुबह पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता ने क्रेन की मदद से दोनों हाइवा को हटवाकर सड़क पर यातायात बहाल कराया.
