Advertisement
झारखंड : जमशेदपुर के साकची थाने में भाजपा नेताओं ने किया हंगामा
जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में बुधवार रात को साकची थाना प्रभारी कक्ष रणक्षेत्र बनता हुआ नजर आया. भाजपा नेता गुरदेव सिंह राजा और थाना प्रभारी अंजनी कुमार तिवारी के बीच जम कर बहस हुई. इस दौरान गुरदेव सिंह राजा ने थाना प्रभारी पर बाजार से पैसा लेने और शराब पीकर कार्यालय में बैठने का […]
जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में बुधवार रात को साकची थाना प्रभारी कक्ष रणक्षेत्र बनता हुआ नजर आया. भाजपा नेता गुरदेव सिंह राजा और थाना प्रभारी अंजनी कुमार तिवारी के बीच जम कर बहस हुई. इस दौरान गुरदेव सिंह राजा ने थाना प्रभारी पर बाजार से पैसा लेने और शराब पीकर कार्यालय में बैठने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. हंगामे के दौरान भजापा नेता ने मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही.
इस दौरान राजा के साथ थाने आये भाजपा कार्यकर्ताओं ने साकची पुलिस की मनमानी के खिलाफ नारेबाजी की. घटना के संबंध में बताया जाता है कि साकची पुलिस अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान चला रही थी. उसी दौरान साकची के मिष्टी दुकान के पास पार्सल लेने के लिए बाइक पर बैठे प्रिंस नामक युवक को साकची पुलिस पकड़ कर थाने ले आयी. परिवार के लोगों को जानकारी मिलने के बाद प्रिंस के परिवार के लोग उसे छुड़ाने के लिए साकची थाने पहुंचे.
जहां थाना प्रभारी ने उसे छोड़ने से इनकार कर दिया. जिसकी जानकारी युवक के परिजनों ने गुरदेव सिंह राजा को दी. इसके बाद भाजपा नेता राजा अपने दल-बल के साथ साकची थाने पहुंचे. साथ ही युवक को पकड़ने का कारण पूछा. राजा ने बताया कि जब प्रिंस पार्सल लेने के लिए बाइक पर बैठ कर इंतजार कर रहा था तभी उसे पकड़ लिया गया. भाजपा नेता गुरदेव सिंह राजा ने थाना प्रभारी कक्ष में हंगामा मचाना शुरू कर दिया. भाजपा नेता राजा ने बताया कि साकची थाना प्रभारी मनमानी कर रहे हैं. काफी हो-हल्ला के बाद प्रिंस को साकची पुलिस ने छोड़ दिया. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार भी साकची थाने पहुंचे. जहां दोनों पक्षों की बात सुन कर मामले को शांत कराया.
सिटी एसपी के आदेश पर बुधवार को अड्डेबाजी के खिलाफ अभियान चलाया गया था. जिस दौरान युवक बाइक पर बैठा था, उसे पकड़ कर थाने लाया गया. रात 11 बजे के बाद छोड़ने की बात भी थी. इसी बीच पार्टी के कार्यकर्ता ने अपनी मर्यादा खो दी और हंगामा करने लगे. यह प्रशासन के काम को रोकने का मामला है. इसकी शिकायत वरीय पुलिस अधिकारी से की जायेगी.
अंजनी कुमार तिवारी, थाना प्रभारी, साकची.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
Advertisement