Advertisement
तूफान में नौ लोग मरे, जिला जज बचे
झारखंड : सैकड़ों घरों के छप्पर उड़े, हजारों पेड़ उखड़े रांची समेत पूरे राज्य में बिजली व्यवस्था पर असर हजारीबाग : शनिवार को चली तेज हवाओं ने हजारीबाग, गढ़वा, गुमला, लोहरदगा और रामगढ़ में तबाही मचायी. नौ लोगों की मौत हो गयी. कई घायल हुए. सैकड़ों घरों के छप्पर उड़ गये. हजारों पेड़ उखड़ गये. […]
झारखंड : सैकड़ों घरों के छप्पर उड़े, हजारों पेड़ उखड़े
रांची समेत पूरे राज्य में बिजली व्यवस्था पर असर
हजारीबाग : शनिवार को चली तेज हवाओं ने हजारीबाग, गढ़वा, गुमला, लोहरदगा और रामगढ़ में तबाही मचायी. नौ लोगों की मौत हो गयी. कई घायल हुए. सैकड़ों घरों के छप्पर उड़ गये. हजारों पेड़ उखड़ गये. बिजली के तार टूट कर सड़क पर गिर गये. सबसे ज्यादा तबाही हजारीबाग में मची. जिले में पेड़ और दीवार गिरने से चार लोगों की मौत हो गयी. एनएच पर 100 से अधिक पेड़ गिर गये. कटकमसांडी में चतरा के डिस्ट्रिक्ट जज जयप्रकाश नारायण पांडेय की कार पर पेड़ गिर गया. चालक परमानंद सिंह की मौत हो गयी, जिला जज परिवार के साथ बाल-बाल बचे.
इचाक के जमुआरी में पेड़ गिरने से बिसनी देवी की मौत हो गयी. सिंदूर गांव में दीवार गिरने से माली महतो और उसकी पत्नी की मौत हो गयी. हजारीबाग के विष्णुपुरी में एसबेस्टस शीट उड़ जाने से प्रिया कुमारी और कौशल्या देवी घायल हो गयी. दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भरती कराया गया है.
पेड़ गिरने से उसके नीचे दब गया
रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड में ठनका गिरने से एक महिला की मौत हो गयी. वहीं, एक व्यक्ति तूफान के कारण पेड़ गिरने से उसके नीचे दब गया. घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी.
बाइक सवार पर पेड़ गिरा : गढ़वा में पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के करसो निवासी युवक धर्मेंद्र यादव की मौत हो गयी. तीन लोग घायल हो गये. धर्मेंद्र गढ़वा-रंका मार्ग पर खरडीहा के पास मोटरसाइिकल से जा रहा था. इसी दौरान एक विशाल पेड़ उसके ऊपर गिर गया. घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. गढ़वा शहर से सटे कल्याणपुर गांव में जहीर अंसारी के घर पर पेड़ गिर जाने से उसकी पत्नी हलीमा बीबी बुरी तरह घायल हो गयी. दूबेमरहटिया गांव में आम का पेड़ गिर जाने से छोटू कुमार चौधरी व राणा चौधरी घायल हो गये. घायलों को गढ़वा सदर अस्पताल में भरती किया गया है.
मझिआंव व विशुनपुरा थाना क्षेत्र में तूफान से कई लोग बेघर हो गये. मेराल प्रखंड की चामा पंचायत में दो भैंस की पेड़ के नीचे दब जाने से मौत हो गयी.
ठनका गिरने से माैत : इधर, गुमला में चार बच्चे वज्रपात की चपेट में आ गये. इनमें से एक आठ साल के इतिहास केरकेट्टा की मौत हो गयी. तीन अन्य घायल हो गये. कई मवेशियों की भी मौत हो गयी. गुमला के सुरसुरिया गांव की बिरसमुनि देवी की वज्रपात से मौत हो गयी और उसकी बहन फेको देवी घायल हो गयी. लोहरदगा में वज्रपात से श्याम लाल उरांव की मौत हो गयी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
Advertisement