बगोदर थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो कारें क्षतिग्रस्त हो गयीं. पहली घटना गोपालडीह मोड़ के पास हुई, जहां सड़क पार कर रहे बाइक सवार युवक को चारपहिया वाहन ने टक्कर मार दी.
बहन के घर राखी बंधाने जा रहा था युवक
हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया जाता है कि युवक अपनी बहन से राखी बंधवाने के लिए बेको पूर्वी पंचायत के भंडारटोला जा रहा था. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए डुमरी के एक निजी अस्पताल भेजा गया. घायल की पहचान विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के सारूकुदर निवासी के रूप में बतायी गयी है.
औरा मोड़ पर दो कारों में टक्कर
दूसरी घटना बगोदर थाना क्षेत्र के औरा मोड़ के पास हुई. यहां जीटी रोड पर दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गयी. हादसे में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयीं. दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी.
