पीरटांड़: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पीरटांड़ में प्रसव कराने के नाम पर रुपये वसूली का मामला सामने आया है। प्रखंड के जमुआटांड़ गांव की एक महिला ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े दो आउटसोर्सिंग कर्मियों पर प्रसव के बाद दबाव बनाकर पैसे लेने का आरोप लगाया है।
मामले को लेकर पीड़िता ने प्रखंड प्रमुख, बीडीओ और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को आवेदन देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि प्रभात खबर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जमुआटांड़ निवासी रेहाना खातून, पति मोहम्मद रमजान ने अपने आवेदन में बताया कि वह 30 जुलाई को प्रसव के लिए सीएचसी पीरटांड़ पहुंची थीं। अस्पताल में उनका सामान्य प्रसव हुआ। आरोप है कि प्रसव के बाद वहां कार्यरत दो महिला आउटसोर्सिंग कर्मियों ने उनसे एक हजार रुपये की मांग की और दबाव बनाकर राशि ले ली।
प्रखंड प्रमुख सविता टुडू ने बताया कि उन्हें इस संबंध में आवेदन मिला है। घटना से जुड़ा वीडियो भी उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गयी है और पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
वहीं, सीएचसी पीरटांड़ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शशिकांत प्रसाद ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
