बाघमारा : बंद धनबाद-चंद्रपुरा रेल लाइन पर एचपीसीसी से रिपोर्ट तलब

Updated at : 14 Jan 2019 7:14 AM (IST)
विज्ञापन
बाघमारा : बंद धनबाद-चंद्रपुरा रेल लाइन पर एचपीसीसी से रिपोर्ट तलब

बाघमारा : बंद धनबाद-चंद्रपुरा रेल खंड पर ट्रेनों के एकबार पुन: परिचालन पर विचार के लिए केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने डीजीएमएस, बीसीसीएल, सिंफर और रेलवे के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में गिरिडीह से भाजपा सांसद रवींद्र कुमार पांडेय भी मौजूद थे. इस दौरान लगभग डेढ़ वर्ष से बंद ट्रेन सेवा […]

विज्ञापन
बाघमारा : बंद धनबाद-चंद्रपुरा रेल खंड पर ट्रेनों के एकबार पुन: परिचालन पर विचार के लिए केंद्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने डीजीएमएस, बीसीसीएल, सिंफर और रेलवे के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में गिरिडीह से भाजपा सांसद रवींद्र कुमार पांडेय भी मौजूद थे.
इस दौरान लगभग डेढ़ वर्ष से बंद ट्रेन सेवा व बाद के हालात पर विचार-विमर्श हुआ. श्रम मंत्री ने अधिकारियों से डीसी रेल लाइन के अग्नि प्रभावित हिस्से की अद्यतन स्थिति के बारे में पूछा. उन्होंने समीक्षा रिपोर्ट में विलंब पर गहरी नाराजगी जतायी.
सभी विभागों के उच्चाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे एक सप्ताह के अंदर सकारात्मक सोच के साथ अग्नि प्रभावित क्षेत्र की ताजा हालत पर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करें, ताकि रेल मंत्री पीयूष गोयल के साथ सांसद रवींद्र पांडेय की हुई बात के अनुसार डीसी लाइन तत्काल चालू करने के लिए रेलवे अग्रत्तर कार्रवाई कर सके.
रिपोर्ट हाइ पावर सेंट्रल कमेटी (एचपीसीसी) सौंपेगी, जिसमें रेलवे, डीजीएमएस, सिंफर व बीसीसीएल के अधिकारी होंगे. बैठक में श्रम विभाग के संयुक्त सचिव, डीजीएमएस के निदेशक, सिंफर के निदेशक, बीसीसीएल और रेलवे के उच्चाधिकारी उपस्थित थे.
…तो ट्रायल रन में दोनों मंत्री होंगे साथ
श्रम मंत्री के सवालों पर विभागीय उच्चाधिकारी एक-दूसरे पर जवाबदेही थोपते नजर आये. इस पर संतोष गंगवार ने यहां तक कह दिया कि अगर वास्तव में लाइन की सुरक्षा को लेकर डीजीएमएस और रेलवे के अधिकारी भयभीत हैं, तो वे ट्रेन का ट्रायल रन तय करें, सांसद के साथ स्वयं मंत्री भी ट्रेन की यात्रा करेंगे.
11 जनवरी को लगभग दो घंटे तक चली मैराथन बैठक में अंततः तय किया गया कि एक सप्ताह के अंदर एचपीसीसी, जिसके प्रतिवेदन के आलोक में डीसी लाइन बंद की गयी थी, उसके द्वारा सकारात्मक दृष्टि से अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जायेगा. प्रतिवेदन पर रेलवे तुरंत फैसला लेगी.
भूमिगत आग के आकलन को डीजीएमएस दक्ष नहीं : रवींद्र पांडेय
बैठक में उपस्थित सांसद रवींद्र कुमार पांडेय ने बीसीसीएल एवं डीजीएमएस के अधिकारियों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि डीजीएमएस की दक्षता भूमिगत आग का आकलन करने की नहीं है. लंबे समय से लगातार आश्वासन के बावजूद बीसीसीएल ने अद्यतन स्थिति की समीक्षा के लिए विशेषज्ञ सिंफर को आज तक अधिकृत नहीं किया.
इससे स्पष्ट है कि बीसीसीएल की मंशा आग बुझाने की नहीं, केवल लाइन के नीचे से कोयला खनन करना है. यही वजह है कि स्थल भ्रमण के क्रम में कोयला सचिव को रेल लाइन के आसपास आग लगा हुआ कोयला गिरा कर दिग्भ्रमित किया गया.
सच्चाई यह है कि लगभग डेढ़ वर्ष में अग्नि का प्रभाव स्वतः काफी घटा है. वर्तमान में मात्र लगभग तीन किमी में ट्रेनों का परिचालन अवरुद्ध है, जबकि जानकार सूत्र बताते हैं कि उक्त 13 किमी क्षेत्र भी पूर्णतः अग्नि प्रभावित नहीं है. कहा कि फिर भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से तत्काल 13 किमी क्षेत्र में सावधानीपूर्वक धीमी गति से ट्रेनों का परिचालन किया जा सकता है, क्योंकि डीसी लाइन क्षेत्र की लाइफलाइन है.
श्री पांडेय ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि रेल लाइन उखाड़ कर कोयला निकालने की बीसीसीएल की मंशा बाघमारा क्षेत्र की प्रभावित लाखों आम जनता और यात्रियों के सहयोग से किसी भी कीमत पर पूर्ण नहीं होने दिया जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola