सुपौल से रोशन सिंह की रिपोर्ट
Supaul News: श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, सुपौल की आम सभा की बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. बैठक में सर्वसम्मति से उमेद जैन को सत्र 2026-2028 के लिए सभा का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया. नई कार्यकारिणी के गठन के बाद सदस्यों ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई.
सर्वसम्मति से हुआ नए अध्यक्ष का चयन
सभा की बैठक की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष विनोद कुमार डोसी ने की. बैठक के दौरान संगठन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई. इसके बाद सर्वसम्मति से उमेद जैन को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई.
नई कार्यकारिणी के गठन में धनराज सेठिया को सचिव और बजरंग जैन को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई. पदाधिकारियों के चयन के बाद उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं.
संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प
नव निर्वाचित अध्यक्ष उमेद जैन ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि समाज की एकता, धार्मिक गतिविधियों के विस्तार और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए सभी के सहयोग से कार्य किया जाएगा. उन्होंने समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का भी भरोसा दिलाया.
बैठक में मिलापचंद बोथरा, विजय कुमार, प्रदीप कुमार, अभय कुमार, प्रेमचंद, राकेश कुमार, राजेश कुमार और प्रकाश कुमार सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे. सभी ने संगठन की मजबूती और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया.
Also Read: पटना जंक्शन समेत इन 10 स्टेशनों पर नई सुविधा, हावड़ा की तरह बनेगा कैब रोड
