Patna suspicious death: दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के कोरैया गांव में रविवार को एक 25 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला खेत में धान रोपनी का काम कर घर लौट रही थी. घर पहुंचते ही वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी. परिजन उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घर पहुंचते ही हो गई बेहोश
जानकारी के अनुसार कोरैया गांव निवासी अनीस कुमार की पत्नी संगीता देवी रविवार को गांव के बाहर खेत में धान रोपनी करने गई थीं. संध्या के समय काम समाप्त कर वह घर लौट रही थीं. बताया जाता है कि जैसे ही वह अपने घर के दरवाजे पर पहुंचीं, अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
महिला के बेहोश होने के बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए जमुई स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने संगीता देवी को मृत घोषित कर दिया.
मौत के कारणों का नहीं चला पता
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है. ग्रामीणों के बीच भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
