ePaper

CM नीतीश की PM मोदी से मांग, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़े बक्सर, सात मीटर चौड़ी नहीं फोरलेन बने भारत-नेपाल सीमा पर सड़क

Updated at : 21 Sep 2020 5:21 PM (IST)
विज्ञापन
CM नीतीश की PM मोदी से मांग, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़े बक्सर, सात मीटर चौड़ी नहीं
फोरलेन बने भारत-नेपाल सीमा पर सड़क

पटना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से 14,260 करोड़ रुपये की लागत से 350 किमी लंबी नौ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हर गांव में ऑप्टिकल फाइबर द्वारा इंटरनेट सुविधा का शुभारंभ किया. इस कार्यक्रम में राज्यपाल फागू चौहान के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए. हर गांव में ऑप्टिकल फाइबर द्वारा इंटरनेट सुविधा की शुरुआत होने से मार्च 2021 तक बिहार के सभी 45,945 गांवों को इंटरनेट सुविधा मिलेगी. 'भारत नेट' ऑप्टिकल फाइबर से हर गांव को जोड़ा जायेगा.

विज्ञापन

पटना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से 14,260 करोड़ रुपये की लागत से 350 किमी लंबी नौ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास किया. इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हर गांव में ऑप्टिकल फाइबर द्वारा इंटरनेट सुविधा का शुभारंभ किया. इस कार्यक्रम में राज्यपाल फागू चौहान के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए. हर गांव में ऑप्टिकल फाइबर द्वारा इंटरनेट सुविधा की शुरुआत होने से मार्च 2021 तक बिहार के सभी 45,945 गांवों को इंटरनेट सुविधा मिलेगी. ‘भारत नेट’ ऑप्टिकल फाइबर से हर गांव को जोड़ा जायेगा.

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को बक्सर से जोड़ने और भारत-नेपाल सीमा को फोरलेन बनाने का किया आग्रह

उन्होंने कहा कि मेरा निवेदन है कि दिल्ली से लखनऊ होते हुए गाजीपुर तक बनने वाली आठ लेन सड़क को बक्सर से जोड़ दिया जाये. गाजीपुर से बक्सर की दूरी सिर्फ 16 से 17 किमी ही है. इससे बिहार को काफी फायदा हो जायेगा. इससे दिल्ली और लखनऊ के लिए बिहार को एक और वैकल्पिक सड़क मिल जायेगी. उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर सात मीटर की चौड़ी सड़क बनायी जा रही है. मेरा आग्रह है कि इसे भी फोरलेन बनाया जाये. इससे काफी फायदा होगा.

गांव और किसान के हित में हैं नये कानून

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में आपने जो नये दो कानून बनाये हैं, यह गांव एवं किसान के हित में हैं. किसान जहां चाहें अपनी उपज बेच सकते हैं. वर्ष 2006 में बिहार में हमलोगों ने एपीएमसी (कृषि उपज बाजार समिति) एक्ट को समाप्त किया था. राज्यसभा में कल जो कुछ हुआ है, वह बहुत ही गलत है. इसकी जितनी निंदा की जाए वो कम है. एपीएमसी से काफी दिक्कत थी. बिहार में एपीएमसी एक्ट हटाते वक्त बिहार विधानमंडल में भी विपक्ष ने कुछ ऐसा ही किया था. ये लोग चर्चा से भाग गये थे.

कांट्रेक्ट फार्मिंग से लाभान्वित होंगे किसान

आपने (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) पूरे देश में एपीएमसी एक्ट को हटाया है, इससे किसान पूरे देश में कहीं पर और किसी को भी अपनी उपज बेच सकते हैं. नये कानून के तहत कांट्रेक्ट फार्मिंग से किसान लाभान्वित होंगे. ये काम आम लोगों के हक में हुआ है. इसका लाभ सभी लोगों को मिलेगा. लोगों की आमदनी बढ़ेगी. इसके लिए आपको बधाई देते हैं बिहार में पैक्स (प्राइमरी एग्रीकल्चर कॉपरेटिव सोसाइटी) के माध्यम से अनाज खरीद का क्रियान्वयन किया जाता है.

ऑप्टिकल फाइबर से गांवों को जोड़ने से मिलेगा कम्यूनिकेशन का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा बिहार में पीएम पैकेज के तहत 50 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा सड़क एवं पुलों के निर्माण पर खर्च किये जा रहे हैं. पैकेज के अतिरिक्त भी कुछ योजनाओं की आज शुरुआत की गयी है. उन्होंने कहा कि आज हर गांव में ऑप्टिकल फाइबर योजना का शुभारंभ किया गया है. इससे बिहार के 45,945 गांवों तक इंटरनेट सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ने से कम्युनिकेशन का लाभ मिलेगा. इससे लोगों को काफी सुविधा होगी. बिहार में आठ करोड़ से अधिक लोगों के पास मोबाइल हैं. डिजिटल प्रगति का लाभ यहां सभी को मिलेगा.

राष्ट्रीय राजमार्ग की परियोजनाओं से बिहार के लोग होंगे लाभान्वित

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा नदी पर विक्रमशिला सेतु का निर्माण वर्ष 2002 में पूर्ण हुआ था. विक्रमशिला सेतु पर वाहनों के ज्यादा आवागमन के कारण जाम लगा रहता था. उसके एप्रोच रोड को हमलोगों ने फोरलेन कराया. आज विक्रमशिला पुल के समानांतर एक नये फोरलेन पुल का शिलान्यास कराया जा रहा है. इससे लोगों को काफी सहूलियत होगी. उन्होंने कहा कि बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन के निर्माण से पटना से रांची का आवागमन और सुगम होगा. आरा-मोहनियां फोरलेन सड़क का निर्माण भी किया जा रहा है. नरेनपुर-पूर्णिया फोरलेन के निर्माण से झारखंड और बिहार के बीच आवागमन और आसान होगा.

गंगा नदी पर पटना में महात्मा गांधी सेतु के समानांतर नये फोरलेन पुल का निर्माण कराया जा रहा है. कोसी नदी पर बिहपुर से वीरपुर के बीच फुलौत घाट पर पुल का निर्माण कराया जा रहा है. इससे भी लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी. उन्होंने कहा कि पटना में रिंग रोड बनाने की शुरुआत हो गयी है. ये बहुत ही उपयोगी है. इसका एक हिस्सा रामनगर से कन्हौली तक छह लेन के निर्माण की आज शुरुआत हो गयी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जुलाई के अंत में गांधी सेतु का एक सिरा बना कर तैयार हुआ था. उस समय माननीय मंत्री नितिन गडकरी जी से अनुरोध किया गया था कि एनएच 80 मोकामा से लखीसराय होते हुए मुंगेर तक को फोरलेन में, मुजफ्फरपुर से बरौनी तक एनएच 28 को फोरलेन में, खगड़िया से पूर्णिया तक की सड़क को फोरलेन में, एवं मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी-सोनवर्षा एनएच सात को फोरलेन में परिवर्तित किया जाये. मुझे खुशी है कि इसकी भी स्वीकृति हो गयी है.

छह घंटे में राजधानी पहुंचने का लक्ष्य पूरा, पांच घंटे में पहुंचने का नया लक्ष्य निर्धारित

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के किसी भी हिस्से से छह घंटे में राजधानी पटना पहुंचने के लक्ष्य को प्राप्त कर लिया गया है. अब हमलोगों ने पांच घंटे में पटना पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया है. हमलोगों ने सड़कों और पुलों के बेहतर निर्माण के साथ-साथ उसके रखरखाव के लिए मेंटेनेंस की पॉलिसी बनायी है. इस मेंटेनेंस पॉलिसी को लोक शिकायत निवारण अधिकार कानून से जोड़ा गया है. सड़कों एवं पुलों के मेंटनेंस के लिए जो भी जिम्मेवार होंगे, अगर वे अपना दायित्व नहीं निभाएंगे, तो इसके तहत उन पर कार्रवाई होगी. आपके नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी काफी काम किया है. इससे आवागमन में लोगों को सुविधा होने के साथ-साथ बड़ी संख्या में लोगों को काम मिल रहा है. हमलोग हर गांव को सड़क से जोड़ चुके हैं.

पर्यावरण संरक्षण के प्रति हम सभी सजग

बिहार में 89 प्रतिशत लोग गांव में निवास करते हैं और 76 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है. बिहार की तीन-चौथाई आबादी को बेहतर सड़क के कारण अपने सामानों को कहीं पर भी बेचने में आसानी होगी. पूरे देश में किसान अपना सामान बेच सकेंगे. उन्होंने कहा कि हमलोग जो भी सड़क बनवा रहे हैं. उसके दोनों किनारे पौधरोपण करा रहे हैं. पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमलोग सजग हैं. पिछले दो महीने के अंदर तीन करोड़ 47 लाख पौधे लगाये गये हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि जिन योजनाओं को शुरू किया गया है, वे समय पर पूर्ण हो जायेंगी. मैं बिहार के तमाम लोगों की तरफ से सड़कों एवं पुलों के शिलान्यास के साथ-साथ ऑप्टिकल फाइबर से गांवों को जोड़ने के लिए आपको धन्यवाद देता हूं. बिहार में जिस प्रकार से विकास का काम हो रहा है. उसके चलते लोगों के मन में प्रसन्नता का भाव है. लोगों को भरोसा है कि उनका एवं आने वाली पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल होगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन