मुजफ्फरपुर: नगर निगम प्रशासन व पार्षदों के खिलाफ नगर निगम कर्मचारी संघ ने मोरचा खोला है. संघ ने जनप्रतिनिधियों पर भी कई आरोप लगाया है. मांगों व कर्मचारियों की समस्याओं के बारे में कर्मचारी संघ ने नगर आयुक्त सीता चौधरी को आवेदन दिया है.
निगम के टाल-मटोल रवैया व कर्मचारियों के शोषण के विरुद्ध संघ के बैनर तले 22 अप्रैल को नगर आयुक्त के सामने कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे.
कर्मचारी संघ के मंत्री सत्येंद्र प्रसाद सिंह, बिहार लोकल बॉडिज इंपलाइज फेडरेशन के क्षेत्रीय मंत्री अशोक कुमार सिंह, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विजय कुमार ने दिये आवेदन में बताया है कि सफाई व्यवस्था में सुधार के नाम पर पार्षदों के आवास पर अब कर्मचारियों की उपस्थिति बन रही. जबकि कर्मचारियों पर प्रशासनिक नियंत्रण कार्यपालक पदाधिकारी का होता है. संघ ने आरोप लगाया है कि कर्मचारियों के शोषण की साजिश के तहत आदेश निकाला गया है. कार्रवाई नहीं होने पर मई में दो दिनों का टोकन हड़ताल किया जायेगा. सारी वस्तुस्थिति से सरकार को अवगत कराया जायेगा.