Biharsharif News : हरनौत प्रखंड क्षेत्र की नेहुसा पंचायत के वार्ड संख्या-06 के वार्ड सदस्य ओंकार कुमार (41 वर्ष) को मंगलवार सुबह खेत में काम करने के दौरान जहरीले सांप ने डस लिया. उनकी हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिहारशरीफ रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
खेत में मोटर चालू करने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोखुलपुर निवासी एवं उमेश शर्मा के पुत्र ओंकार कुमार मंगलवार सुबह गांव के पूरब स्थित खेत में पटवन के लिए मोटर चालू करने गए थे. इसी दौरान गेहुअन (जहरीले सांप) ने उनके दाहिने पैर में डस लिया. सांप के काटते ही उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग और परिजन मौके पर पहुंचे.
प्राथमिक उपचार के बाद बिहारशरीफ किया गया रेफर
घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल कल्याणबीघा स्थित रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मॉडल अस्पताल, बिहारशरीफ रेफर कर दिया.
चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा उपचार
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल बन गया. हालांकि समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण उनका इलाज तुरंत शुरू हो सका. फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
Also Read : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राकेश कुमार सिंह ने किया स्वागत
