बेगूसराय में तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, दंपती गंभीर, डेढ़ वर्षीय बच्चा बाल-बाल बचा

Begusarai News : बेगूसराय-रोसड़ा मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

Begusarai News : बेगूसराय-रोसड़ा मुख्य पथ एसएच-55 पर दौलतपुर पेट्रोल पंप चौक के समीप रविवार की शाम तेज रफ्तार कार ने रोसड़ा से लौट रहे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में ई-रिक्शा पर सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि उनका करीब डेढ़ वर्षीय बच्चा बाल-बाल बच गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गयी.

हादसे के बाद कार लेकर भाग रहा था चालक

स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर के बाद कार चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था. लोगों ने पीछा कर कार को पकड़ लिया और घटना की सूचना खोदावंदपुर पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार को चालक सहित अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.

घायल महिला की तस्वीर

ई-रिक्शा सवार दंपती गंभीर रूप से घायल

घायलों की पहचान खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी विनय कुमार सिन्हा के 36 वर्षीय पुत्र गुलशन कुमार और उनकी 32 वर्षीया पत्नी शिवानी कुमारी के रूप में हुई है. दुर्घटना के समय उनका करीब डेढ़ वर्षीय पुत्र ईशान सिन्हा भी ई-रिक्शा पर सवार था, जो हादसे में सुरक्षित बच गया.

Also Read : महंगाई और छात्र-नौजवानों पर हमले के खिलाफ बेगूसराय में भाकपा ने किया पुतला दहन

समस्तीपुर रेफर किये गये दोनों घायल

स्थानीय लोगों ने घायल दंपती को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय निजी क्लिनिक पहुंचाया. वहां चिकित्सक उपलब्ध नहीं रहने के कारण परिजन दोनों को रोसड़ा स्थित एक निजी क्लिनिक ले गये. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर रेफर कर दिया. फिलहाल दोनों का समस्तीपुर में इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि शिवानी कुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घायल गुलशन कुमार ने बताया कि घटना को लेकर सोमवार को खोदावंदपुर थाने में लिखित शिकायत दी गयी है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना के कारणों के साथ ही कार चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

Also Read : बेगूसराय में तीन दिन से लापता तीन वर्षीय मासूम का नहीं मिला सुराग, डॉग स्क्वायड ने भी की तलाश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजेश कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >