झमटिया गंगा तट पर रातभर गूंजता रहा हर-हर महादेव, सावन महोत्सव में भक्ति गीतों पर झूमे हजारों कांवरिये

Begusarai News : बछवाड़ा के झमटिया धाम में आयोजित सावन महोत्सव में शिवभक्त पूरी रात भक्ति गीतों पर झूमते रहे. गंगा तट पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला.

Begusarai News : मिथिला की पावन और ऐतिहासिक धरती झमटिया धाम स्थित गंगा तट रविवार की रात पूरी तरह शिवमय हो गया. बछवाड़ा पत्रकार संघ की ओर से आयोजित भव्य सावन महोत्सव में आस्था, भक्ति और सुरों का अनूठा संगम देखने को मिला. गंगा तट पर मौजूद हजारों कांवरिये भक्ति भाव में सराबोर होकर देर रात तक झूमते रहे. मैथिली, भोजपुरी और हिंदी भक्ति गीतों के साथ भगवान शिव की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया.

गणमान्य अतिथियों ने फीता काटकर किया महोत्सव का उद्घाटन

सावन महोत्सव का विधिवत उद्घाटन आईएमए के जिलाध्यक्ष डॉ. ए.के. राय, डॉ. सावन कुमार, आयोजन समिति के संरक्षक सह प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डॉ. संजय ईश्वर, बलिया डीएसपी सुबोध कुमार, पूर्व विधान पार्षद भूमिपाल राय, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशिशेखर राय एवं प्रख्यात साहित्यकार शैलेंद्र शर्मा त्यागी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार राय ने मंच संचालन करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की. प्रखंड पत्रकार संघ के सदस्यों ने सभी आगत अतिथियों का स्वागत गेरुआ चुनरी ओढ़ाकर और अंगवस्त्र भेंट कर किया.

कार्यक्रम की तस्वीर

भक्ति गीतों पर जमकर झूमे कांवरिये

सांस्कृतिक संध्या शुरू होते ही पूरा प्रांगण भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा. मैथिली, भोजपुरी और हिंदी भक्ति गीतों के सुर बिखरते ही कांवरियों की थकान आस्था के उल्लास में बदल गयी. मैथिली गायिका जूली झा ने अपनी सुरीली प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. उनके भक्ति गीतों पर श्रोता और कांवरिये झूमने लगे. गायक सुनील मिश्रा ने भी जोशीले भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल भक्तिमय बना दिया. नवोदित कलाकार अभिज्ञान गर्ग की प्रस्तुति पर युवाओं की टोली ने जमकर नृत्य किया.

गीतों के बीच गूंजते रहे भोले बाबा के जयकारे

कलाकारों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों पर कांवरिये रातभर झूमते रहे. संगीत के बीच-बीच में बाबा के जयकारे गूंजते रहे, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा. गंगा स्नान के बाद भोले बाबा, विद्यापति और अन्य शिवालयों की ओर जाने वाले कांवरियों के लिए यह भक्ति संध्या विशेष आकर्षण का केंद्र रही.

Also Read : राजद नेता सुशील कुमार ने शोकाकुल परिवारों से की मुलाकात, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

शिव के विभिन्न स्वरूपों की झांकियों ने मोहा मन

महोत्सव में सुरों के साथ भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों की आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की गयीं. कोलकाता से आये विशेष कलाकारों के दल ने तांडव, अर्धनारीश्वर और भस्म आरती की जीवंत झांकियां प्रस्तुत कीं. मंच पर शिव-पार्वती के अलौकिक स्वरूपों को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे. इस दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा.

Also Read : बेगूसराय में तीन दिन से लापता तीन वर्षीय मासूम का नहीं मिला सुराग, डॉग स्क्वायड ने भी की तलाश

गंगा तट पर देर रात तक बना रहा भक्तिमय माहौल

पवित्र गंगा की धारा और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे. सावन महोत्सव में आस्था, संगीत और धार्मिक झांकियों के संगम ने कांवरियों और श्रद्धालुओं के बीच उत्साह भर दिया. देर रात तक चले इस महोत्सव के कारण झमटिया गंगा तट पूरी तरह भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा.

Also Read : महंगाई और छात्र-नौजवानों पर हमले के खिलाफ बेगूसराय में भाकपा ने किया पुतला दहन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By डबलू कुमार

डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >